सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल में सुंदरीकरण और आधुनिक बनाने के प्रयासों के तहत अब मैनुअल सफाई की जगह मशीनों से सफाई की जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने मुख्यालय स्तर पर इस काम के लिए टेंडर जारी किया है और मशीनरी खरीदने पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका उद्देश्य अस्पताल में पूरी तरह से इंफेक्शन-फ्री और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है।
सफाई व्यवस्था के लिए विशेष चार्ट और शेड्यूल भी तैयार किया गया है। इसमें अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, आयुष, मेन रिसीविंग स्टेशन, इंसिनरेटर, बायोमेडिकल वेस्ट, प्लांट, वर्कशॉप, एसी प्लांट रूम, कूलिंग टॉवर, इलेक्ट्रिक सब स्टेशन, एम्बुलेंस और बस गैरेज, ऑफिस, लॉन्ड्री, बॉयलर, मेडिकल गैस पॉइंट आदि क्षेत्रों में सफाई का प्रावधान शामिल है। बायोमेडिकल वेस्ट और अन्य प्रकार के वेस्ट के लिए अलग एजेंसी जिम्मेदार होगी, जो नियमित रूप से व्यवस्था बनाए रखेगी।
-
यह बनाई गई व्यवस्था
पब्लिक एरिया: हर दो घंटे में सफाई, कचरे का नियमित उठान, शौचालय प्रति घंटे साफ।
ऑपरेशन थियेटर: केस अनुसार सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्था।
आईसीयू: कचरे का उठान दिन में 3-4 बार, 3-4 घंटे अंतराल पर सूखी और गीली स्वीपिंग मशीन से सफाई।
वार्ड एरिया: दिन में चार बार सफाई, पांच बार डस्टबिन से कचरा उठान, शौचालय दिन में कम से कम चार बार साफ।
संक्रमण नियंत्रण और बेहतर सुविधा लक्ष्य
प्रबंधन के अधिकारियों का कहना है कि मशीन से सफाई से कम समय में अधिक प्रभावी सफाई संभव होगी। सर्दियों में मैनुअल सफाई की गुणवत्ता में कमी आती है और कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था से बीमारियों को नियंत्रित करना आसान होगा और नागरिक अस्पतालों का अपग्रेडेशन सुनिश्चित होगा।
विभाग की ओर से इस पहल से नागरिक अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था में गुणात्मक सुधार आएगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में मदद मिलेगी। टेंडर आवंटन के बाद जल्द ही यह सेवा शुरू किए जाने की संभावना है।- डॉ. पवन कुमार , पीएमओ नागरिक अस्पताल सिरसा।