सीआईए पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी।
सिरसा। सीआईए सिरसा पुलिस ने चतरगढ़पट्टी के पास एक कार में से 500 ग्राम अफीम बरामद की है। कार में दो युवक सवार थे। साहूवाला प्रथम निवासी आकाशदीप व गांव किंगरा निवासी काशबीर के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आकाशदीप ने बताया कि वह अफीम अपने पिता बलजिंदर सिंह से लेकर आया था।
जानकारी अनुसार, सीआईए सिरसा पुलिस की एक टीम शुक्रवार को चतरगढ़पट्टी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने सफेद रंग की एक कार को रुकने का इशारा किया। सामने पुलिस को देखकर चालक ने कार वापस मोड़ ली और फरार होने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने कार का पीछा कर उसे रुकवा लिया। कार में दो युवक सवार मिले। इसके बाद कार की तलाशी ली गई तो उसमें से 500 ग्राम अफीम मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीआईए प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।