डबवाली । मृतका के हाथ पर लिखा नाम। संवाद
डबवाली। उपमंडल के गांव चौटाला के पास राजस्थान सीमा के साथ लगते रतनपुरा बाइपास पर बुधवार अलसुबह सड़क के बीच एक युवती का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मौके का निरीक्षण किया।
युवती की पहचान संगरिया के वार्ड नंबर 4 निवासी रेखा पुत्री कालूराम के रूप में हुई है। युवती की बाजू पर रेखा लिखा हुआ था। परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया जा चुका है। जांच अधिकारी बेअंत सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में मृतका के भाई संगरिया निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बहन रेखा का विवाह पंजाब में गीदड़बाहा के गांव भारु निवासी बलजिंदर सिंह के साथ हुआ था।
उनकी करीब 12 साल की एक बेटी भी है जो अपने पिता के पास ही रहती है। पिछले कुछ समय से अपने पति से मनमुटाव के बाद वह संगरिया में उन्हीं के पास रह रही थी। रेखा अक्सर बिना बताए घर से चली जाती थी और अपने आप ही लौट आती थी, जिससे परिवार के लोग भी काफी परेशान थे।
सुरेंद्र ने बताया कि मंगलवार रात को भी वह घर से बिना किसी को कुछ बताए चली गई थी। अंदेशा है कि सड़क पार करते समय वह किसी वाहन की चपेट में आ गई होगी। बेअंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने रेखा के भाई के बयानों पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों की ओर से गठित बोर्ड से करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेंगे। फिलहाल मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।