हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश में पिछले करीब डेढ़ साल के दौरान भाजपा सरकार ने जनहित के तमाम मुद्दों को हाशिए पर ला दिया है।
कांग्रेस शासनकाल के सभी बडे़ प्रोजेक्ट रोक दिए गए हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलित उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं।
वे सोमवार को कांग्रेस के 131वां स्थापना दिवस पर कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता ये संकल्प ले रहा है कि जिन मूल्य और आदर्शों के साथ पार्टी की स्थापना हुई थी उसे आगे बढ़ाएंगे।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पंचायत चुनाव और निकाय चुनाव में शैक्षिक योग्यता लागू करने पर सवाल किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिए हैं।
मगर कुछ सामंतवादी सोच वाले लोग दलितों पर अत्याचार कर रहे हैं। डॉ. तंवर ने कहा कि कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को अपने साथ लेकर चलती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले करीब डेढ़ साल के दौरान भाजपा सरकार ने जनहित के तमाम मुद्दों को हाशिए पर ला दिया है।
फिर चाहे इसमें बेरोजगारों को रोजगार की बात हो, बुजुर्गों को बढ़ी हुई पेंशन, कर्मचारियों को पंजाब की तर्ज पर वेतनमान देने, गेस्ट टीचर्स को पक्का करने अथवा मनरेगा में लोगों को आवश्यक रूप से रोजगार देने की बात हो।
इस मौके पर उन्होंने बिजली के बढ़े हुए रेट, धान घोटाले, गांधी व नेहरू परिवार का अपमान सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
डॉ. तंवर ने कहा कि रोहतक और डबवाली के बीच चल रहे फोर लेन प्रोजेक्ट को भी यूपीए शासन में मंजूरी दी गई थी। मगर इसे भी निर्धारित समय से देरी से चलाया जा रहा है।