ईंट-भट्ठा पर पथेर व जमादार का कार्य करने वाले उत्तरप्रदेश निवासी दो भाइयों की ओर से 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ईंट-भट्ठे पर ईंटें बनाने को लेकर एडवांस में राशि ली थी। लेकिन इसके न तो भट्ठे पर लेबर पहुंची और न ही उक्त दोनों ने दी हुई राशि उन्हें वापस लौटाई।
गांव बणी निवासी गौरव सेठी पुत्र विजय कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी सोबरण व अजय पुत्र गंगा राम निवासी नगला सिस जिला मैनपुरी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। गौरव सेठी ने बताया कि वह गांव में किराना का काम करता है। जोकि उसके पास ईंट-भट्ठे के लेबर आते रहते हैं। वह लेबर को भट्ठा मालिकों से मिलवाकर उन्हें काम दिलवाता है। गौरव ने बताया कि करीब दो माह पहले उसने सोबरण व उसका भाई अजय जो कि पथेर व जमादार का काम करते हैं। इन दोनों की बात विनोद बीकेओ के मालिक गिरधारी लाल व एसएसडी के मालिक प्रहलाद से करवाई थी। इसमें यह तय हुआ कि सोबरण व अजय प्रतिदिन दोनों भट्ठों को 90 हजार ईंट बनाकर देगें। भट्ठा मालिकों को एडवांस में 8 लाख रुपये का भुगतान करना होगा।
गौरव ने कहा कि उसने तय बातचीत के मुताबिक सोबरण व अजय दोनों भाइयों को नगद व बैंक खाते से 8 लाख रुपये का भुगतान एडवांस में कर दिया। बीते 5 अक्तूबर को सोबरण से बात हुई तो उसने कहा कि 6 अक्तूबर को लेबर भट्ठे पर पहुंच जाएंगे। मगर लेबर भट्ठे पर नहीं आए। उसके बाद से दोनों के फोन बंद आ रहे हैं। सोबरण व अजय ने एडवांस के तौर पर दी गई 8 लाख रुपये की राशि वापस नहीं लौटाई है। इसलिए इनके खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई की जाए। इस मामले में करीवाला चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने गौरव सेठी की शिकायत पर आरोपी सोबरण व अजय निवासी मैनपुरी उत्तरप्रदेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।