डबवाली। गांव डबवाली में पंचायती जमीन पर किए जा रहे कथित अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जा मुक्त करवा दिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट पृथ्वीराज की निगरानी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही।
जानकारी के अनुसार गांव डबवाली में पंचायत की भूमि पर पहले कूड़ा डालकर रूड़ी बनाई गई थी, जिसके बाद धीरे-धीरे वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। पंचायत एवं विकास विभाग को शिकायत मिलने पर जांच करवाई गई, जिसमें अतिक्रमण पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण हटाया और जमीन को पंचायत के कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी और पंचायत भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जिले में कहीं भी अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।