सिरसा। फर्जी दस्तावेज माध्यम से न्यायालय को धोखा देकर जमानत पर रिहा हुए आरोपी को सोमवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पिछले तीन साल से वार्ड नंबर 6 ऐलनाबाद निवासी आरोपी प्रगट सिंह के पीछे लगी हुई थी। उसके खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने केस दर्ज करने का आदेश दिया था।
मामले के अनुसार शहर थाना सिरसा पुलिस ने 10 सितंबर 2020 को लूट के मामले में आरोपी प्रगट सिंह को गिरफ्तार किया था। एक अगस्त 2022 को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हिमांशु सिंह ने प्रगट सिंह को जमानत दे दी। उसकी जमानत महावीर निवासी केलनिया जिला सिरसा ने दी। कुछ दिन बाद जांच में पता चला कि जमानत के लिए जो दस्तावेज लगाए गए थे, वह फर्जी हैं।
25 सितंबर 2023 को अभियुक्त प्रगट सिंह की न्यायालय में पेशी थी, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय ने उसके गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए और प्रगट सिंह के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने सात नवंबर 2023 को केस दर्ज कर प्रगट सिंह की तलाश शुरू कर दी। सोमवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राधे श्याम का कहना है कि आरोपी को न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।