डबवाली। गांधी जयंती पर स्कूल की छुट्टी के चलते विकास (16) बीमार पिता का सहारा बनने खेत में दिहाड़ी करने गया था। काम के दौरान पानी लेने के लिए डिग्गी पर गया जहां पैर फिसलने से वह डिग्गी में जा गिरा। डूबने से उसकी मौत हो गई।
गांव गंगा निवासी विकास शुक्रवार को अपने चाचा के साथ खेत गया था। इसी दौरान डिग्गी से पानी लेने उतरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में जा गिरा। उसे डिग्गी में गिरता देखकर चाचा ने बचाने का प्रयास किया। मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के लिए शव नागरिक अस्पताल डबवाली की मोर्चरी में भिजवा दिया गया। विकास के पिता विनोद कुमार करीब तीन माह से पेट की बीमारी के चलते अस्वस्थ चल रहे हैं। बीमारी से परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित थी। ऐसे में विकास स्कूल की छुट्टी के दिन दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार के गुजर-बसर में सहयोग कर रहा था।
11वीं कक्षा में पढ़ता था विकास
विकास तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह गांव के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ रहा था। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। परिवार को उससे भविष्य की उम्मीदें थीं लेकिन हादसे ने घर में मातम पसार दिया। पुलिस प्रवक्ता आनंद कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।