फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किशोर की मौत पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

Sat, 25 Oct 2014 01:30 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सिरसा
विज्ञापन
विज्ञापन
गैस टैंकर ने किशोर को कुचला, पुलिस के देरी से आने पर भड़के अबूबशहर के ग्रामीण
विज्ञापन

किशोर की मौत पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

वाहनों की निकाली हवा, शव उठाने आई एंबुलेंस का भी शीशा तोड़ा, वाहनों को आग लगाने का प्रयास
गांव अबूबशहर में शुक्रवार दोपहर बाद गैस टैंकर ने साइकिल सवार एक किशोर को कुचल दिया।

13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद पुलिस की लेटलतीफी से भड़के ग्रामीणों ने डबवाली-संगरिया मार्ग जाम कर दिया।

गैस टैंकर सहित अन्य वाहनों की हवा निकालकर आग लगाने का प्रयास किया। शव उठाने आई डबवाली जन सहारा सेवा संस्था की एंबुलेंस में भी गुस्साई भीड़ ने तोड़फोड़ की।

पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए ग्रामीणों को एंबुलेंस के आगे से हटाया। सदर पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। तीन घंटे लगे जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
विज्ञापन


शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे गांव अबूबशहर निवासी कालू राम का 13 वर्षीय बेटा अतुल गांव के निकट से गुजरने वाली भाखड़ा नहर में पूजन सामग्री बहाने के बाद साइकिल पर गांव की ओर वापस आ रहा था।

इसी दौरान संगरिया की ओर से आए एक गैस टैंकर ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी। टैंकर अतुल को बुरी तरह से काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया।

हादसे के बाद चालक गाड़ी को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना के बावजूद एक घंटा तक पुलिस के नहीं आने से ग्रामीण भड़क गए। भाखड़ा नहर के पुल के नजदीक ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।

आग लगाने का प्रयास
भड़के ग्रामीणों ने जाम के दौरान तेल और गैस से भरे टैंकरों को आग के हवाले करने का प्रयास किया। गांव के मौजिज व्यक्तियों ने हस्तक्षेप करके गुस्साए ग्रामीणों को ऐसा करने से रोका। बाद में गुस्साए युवाओं ने वाहनों के टायरों से हवा निकाल दी।

एक युवक ने शव उठाने आई डबवाली जन सहारा सेवा संस्था की एंबुलेंस का शीशा भी तोड़ डाला। जाम लगने से डबवाली-संगरिया मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
पुलिस ने किया हलका बल प्रयोग
हादसे के बाद एक घंटा देरी से पहुंची पुलिस के साथ ग्रामीण उलझ गए। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते-बुझाते हुए शव उठाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की एक नहीं चलने दी।

बाद में अतुल के ताऊ विजय कुमार ने शव उठाकर एंबुलेंस में रखना चाहा, लेकिन ग्रामीण उससे उलझ गए। शव को मौके पर ही रखने की बात पर अड़ गए।

जैसे-तैसे शव एंबुलेंस में रखा। ग्रामीण दोबारा एंबुलेंस के आगे आ गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए एंबुलेंस को डबवाली के सरकारी अस्पताल की ओर रवाना किया।

पंजाब की ओर जाते हैं सैकड़ों भारी वाहन
सिटी, सदर और चौटाला पुलिस ने जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण इसी बात पर अड़े रहे कि आरोपी चालक को पकड़कर उनके समक्ष पेश किया जाए।

सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने टैंकर चालक को गिरफ्तार करके कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामला शांत किया। करीब तीन घंटे बाद ग्रामीण सड़क से हटे।

गांव अबूबशहर निवासी महिंद्रपाल, प्रमोद, सुभाष कुमार, इंद्रजीत और दिनेश कुमार ने बताया कि गुजरात व राजस्थान से भारी वाहन पंजाब की औद्योगिक इकाइयों की ओर कूच करते हैं।

यह मार्ग अब नेशनल हाईवे में तबदील हो चुका है, लेकिन मार्ग पर ग्रामीणों की सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नहीं है। गांव के निकट भाखड़ा और राजस्थान कैनाल गुजरती है।

किसी न किसी तरीके से उनका संपर्क दोनों नहरों से रहता है। भारी वाहनों को क्रॉस करने के लिए बाईपास का निर्माण किया जाए या प्रशासन गांव के पास स्पीड ब्रेकर का निर्माण करवाए।
 
चालक पर केस दर्ज
सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक अतुल के ताऊ विजय कुमार के ब्यान पर टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके वारिसों को सौंप दिया गया है।
विज्ञापन


दीपावली की छुट्टी बिताने घर आया था अतुल
अतुल संगरिया में अपनी मौसी के पास रहता था। संगरिया के ही एक निजी विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था। दीपावली मनाने के लिए वह अपने घर आया हुआ था। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता कालू राम मानसिक तौर पर परेशान रहते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें