डबवाली। उपमंडल के गांव लखुआना में स्वास्थ्य विभाग की टीमें शुक्रवार को दूसरे दिन भी गांव में जाकर घर-घर जांच कर रही है। लारवा नष्ट करने की कार्रवाई जारी रखनी पड़ी। जांच के दौरान सामने आया कि गांव में मुश्किल से कुछ ही ऐसे घर हैं, जहां डेंगू का लारवा नहीं मिला। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग आंकड़ों पर चुप्पी साधे बैठा है।
ऐसे में ग्रामीणों में संशय बना हुआ है। स्वास्थ्य टीम को लारवा पानी की टंकियों, मटकों, कूलरों और फ्रीज की ट्रे के पीछे तक मिला, जिससे डेंगू के फैलाव का दायरा स्पष्ट होता है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लगातार हो रहे मौसमी बदलाव के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे संक्रमण फैलने की रफ्तार भी तेज हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि डेंगू का प्रकोप इस बार पहले से कहीं अधिक घातक साबित हो रहा है। कई मरीज इलाज के लिए सिरसा जाने के बजाय राजस्थान के निजी अस्पतालों की ओर रुख कर चुके हैं। ग्रामीणों ने यह भी हैरानी जताई कि साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखने वाले घरों में भी बड़ी मात्रा में लारवा पाया जा रहा है।
उनका कहना है कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि डेंगू के मच्छर घरों के भीतर भी इस कदर पनप सकते हैं। विभागीय टीम के अनुसार, ठंड बढ़ने पर मच्छरों की संख्या में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में नहीं है। अगर आने वाले दिनों में लारवा नष्ट करने की मुहिम तेज नहीं की गई, तो गांव के और अधिक परिवारों को डेंगू की चपेट में आने का खतरा है।
एमपीएचडब्लयू अमरजीत सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जांच कर व लोगों को डेंगू से बचाव बारे भी जानकारी दी जा रही है। ग्रामीणों के घरों की सफाई करवाई जा रही है।
सैंपल रिपोर्ट पर सन्नाटा, 20 सदस्यीय टीम जुटी जांच में
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहले दिन 100 ग्रामीणों के खून के सैंपल लिए थे, लेकिन इनकी रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। वीरवार को विभाग की 20 सदस्यीय टीम ने गांव में पहुंचकर करीब 250 घरों की गहन जांच की। दो दिनों की सैंपल रिपोर्ट के लिए टीम सदस्यों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे ग्रामीणों में संशय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
-
टीम ने काफी घरों में लारवा पाया। पानी की टंकियों, मटकों और फ्रिज की ट्रे में लारवा मिला है। लोगों के घरों में जो पानी की टंकी वगैरह काफी समय से भरी हुई थी उन्हें खाली करवा साफ करवाई गई है। गांव में लगातार फॉगिंग करवाई जा रही है और दवाई का भी छिड़काव करवाया गया है। अब स्थिति कंट्रोल में है, इस बाबत स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गांववासियों को जागरूक भी किया जा रहा है।
- उदयपाल, सरपंच प्रतिनिधि, गांव लखुआना।
गांव में मौजूदा स्थिति पर पूर्ण रूप से नजर रखी जा रही है। इसके लिए टीम गठित कर गांव में सर्वे भी किया गया था और डेंगू से बचाव व सावधानियां बरतने के लिए गांववासियों को जागरूक किया जा रहा है। टीम की ओर से गांववासियों के सैंपल भी लिए गए थे। जैसे ही स्थिति स्पष्ट होती है उसी हिसाब से प्लान बना स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर दी जाएगी। आमजन से अपील है कि अफवाहों से बचें।
- डॉ. सुखवंत सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल, डबवाली।