संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में मंगलवार को टैलेंट हंट प्रतियोगिता हुई। बहुउद्देश्यीय हॉल विद्यार्थियों की प्रतिभाओं का मंच बन गया। संस्कृति की ओर विषय पर 170 से अधिक विद्यार्थियों ने हुनर दिखाया।
विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, अभिनय, भाषण और ललित कला समेत विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों के दौरान उनका उत्साह देखने लायक था। प्रतियोगिता में हरियाणवी, पंजाबी और समकालीन नृत्य शामिल थे।
एकल गायन, वाद्य संगीत, मिमिक्री और एकल अभिनय में भी विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं। हिंदी व अंग्रेजी भाषण तथा सामान्य प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। तत्काल चित्रकला, कार्टून बनाना और पोस्टर बनाना में रचनात्मकता नजर आई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ : डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुशील कुमार ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर देते हैं। ये मंच आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने में सहायक होते हैं।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरेंद्र सिंह और परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। युवा कल्याण निदेशक प्रो. मंजू नेहरा ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया।