सिरसा। जिले में याक्षी प्राइवेट कंपनी ने शुक्रवार को प्रॉपर्टी सर्वे के दौरान आईं आपत्तियों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। पहले दिन सिरसा और डबवाली में कंपनी के 16 कर्मचारियों ने ड्रोन और फीते की मदद से लोगों की प्रॉपर्टी को मापने का काम किया। कंपनी का दावा है कि उनके पास सिरसा में 169, रानियां में 6, ऐलनाबाद में 50, कालांवाली में 22 और डबवाली में 19 ऑनलाइन आपत्तियां आई हैं।
शहर में 75 हजार से अधिक प्रॉपर्टी धारक है। प्रॉपर्टीधारकों की प्रॉपर्टी का सर्वे वर्ष 2019 में शुरू किया गया था। सर्वे के बाद कंपनी ने आन लाइन पोर्टल पीएमएसहरियाणा पर डाटा अपलोड कर दिया था। सर्वे करने के बाद जब प्रॉपर्टीधारकों ने अपने आईडी नंबर से प्रॉपर्टी चेक की तो उसमें खामियां मिलीं। लोगों का कहना था कि उनके एरिया में पड़ोसी का मकान दिखाया गया है। प्लॉट साइज में भी गड़बड़ी मिली। डबवाली में कॉलोनियों के नाम भी गलत मिले। तब हरियाणा सरकार ने लोगों को पीएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन और नगर परिषद में ऑफलाइन आपत्तियां दर्ज करवाने का समय दिया। सिरसा में करीब 900 लोगों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन आपत्तियां नगर परिषद कार्यालय में जमा करवाईं। आपत्तियां जमा करवाने का अंतिम समय 30 अप्रैल 2021 था। इसके बाद नगर परिषद ने सर्वे करने वाली कंपनी को इन लोगों की आपत्तियों व दावों से अवगत करवाया। ऐसे में अब कंपनी ने शुक्रवार से सिरसा और डबवाली में प्रॉपर्टी की आपत्तियों को दूर करने का काम शुरू किया है। कंपनी के सिरसा सुपरवाइजर डोंगर राम का कहना है कि पहले दिन सिरसा और डबवाली में करीब 189 प्रॉपर्टी की जांच की गई है। लोगों से उनकी प्रॉपर्टी के कागजात और रिकॉर्ड मांगकर कर उनकी जांच की जा रही है।
एक सप्ताह चलेगा सर्वे : जिले में प्रॉपर्टी सर्वे करने वाली कंपनी का दावा है कि यह सर्वे एक सप्ताह चलेगा, जिसमें कि आपत्तियां दूर की जाएंगी। बाकायदा सिरसा में आठ और डबवाली में आठ लोगों की टीमें बनाई गई हैं। शहर के हरीश सोनी ने कहा कि सर्वे के बाद उसकी हिसार रोड फ्रेंडस कॉलोनी और ऑटो मार्केट की प्रॉपर्टी रिकॉर्ड में शो नहीं कर रही थी। केवल खाई वाली गली में प्रॉपर्टी ही रिकॉर्ड में थी। न तो प्रॉपर्टी टैक्स भरा हुआ दिखाई दे रहा था।
शुक्रवार से सर्वे शुरू कर दिया गया है। करीब एक हफ्ते में प्रॉपर्टी सर्वे की खामियों को ठीक करने का काम पूरा कर लिया जाएगा। - डोंगर राम, सुपरवाइजर, याक्षी कंपनी