सिरसा। सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में दाखिला लेने वाले के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब स्कूल संचालक आधार कार्ड नहीं होने पर छात्रों को दाखिला देने से इनकार नहीं कर सकेंगे। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। इस संबंध में मौलिक शिक्षा निदेशक पंचकूला ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने निदेशक कार्यालय पंचकूला से आए पत्र को आगे ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भेज कर पत्र में लिखे आदेश का सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूलों से कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए हैं। हरियाणा अभिभावक एकता मंच के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा व मंच के सिरसा जिला अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि स्कूल संचालक खासकर सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्य व हेड मास्टर नए बच्चे के दाखिले के समय आधार कार्ड होने की पहली शर्त रखते हैं। गरीब पिछड़े व झुग्गी बस्ती में रहने वाले अभिभावक अपने बच्चों का आधार कार्ड स्थायी घर न होने के कारण नहीं बनवा पाते हैं जिससे स्कूलों में दाखिला कराने में परेशानी होती थी। वहीं कुछ बच्चे दाखिले से ही वंचित रह जाते थे। इस बारे में मुख्यालय में कुछ शिकायतें पहुंचीं। ऐसे में अधिकारियों ने आधार कार्ड की अनिवार्यता समाप्त करने का निर्देश जारी करने का फैसला लिया।