ओढ़ां के समाधान शिविर में समस्याएं सुनते अधिकारी।
ओढां। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र ने शुक्रवार को खंड कार्यालय ओढां में आयोजित स्वामित्व समाधान शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वामित्व से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कोई भी व्यक्ति समाधान शिविर का लाभ उठा सकता है।
उन्होंने गांव तिलोकेवाला के एक फरियादी की लाल डोरे की रजिस्ट्री की समस्या को सुना और शीघ्र ही समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में गांव चकेरियां से 3, देसूमलकाना से 4, दादू से 2, मलिकपुरा से 3, तिलोकेवाला से 2 और कुल 14 समस्याएं आई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार समाधान शिविर सुबह 9 से 11 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समयावधि के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को सुनेंगे और उनका समाधान कराने के उपरांत उसकी रिपोर्ट प्रशासन के पास भिजवाना सुनिश्चित करेंगे। इन समाधान शिविरों का नियमित रूप से आला अधिकारियों की ओर से भी निरीक्षण किया जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर एसईपीओ उमेद कुमार, ग्राम सचिव बलकरण सिंह, सुलेंदर कुमार, भूप सिंह, कृष्ण कुमार, जयपाल महला, दिनेश कुमार आदि कर्मचारी मौजूद रहे।