रजिस्ट्रार से बातचीत करते हुए छात्र।
- फोटो : Sirsa
डॉ. आंबेडकर स्टूडेंट्स फ्रंट ऑफ इंडिया की सीडीएलयू इकाई ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर लघु सचिवालय पर प्रदर्शन कर तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा। हालांकि इसके बाद छात्र संगठन ने सीडीएलयू में प्रदर्शन किया, छात्रों की नारेबाजी सुनकर रजिस्ट्रार राकेश वधवा ने छात्रों को अंदर बुला लिया। छात्रों ने मांग कि चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में एससी, बीसी छात्रों की पोस्ट मेट्रिक स्कॉलरशिप की रुकी हुई राशि जल्द दिलवाई जाए तथा वर्ष 2019-20 के पोस्ट मेट्रिक स्कॉलरशिप की अधिसूचना जारी करवाई जाए। रजिस्ट्रार ने जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया।
छात्रों ने मांग कि सीडीएलयू के मल्टी परपज हाल और सेमिनार हाल को छात्र संगठनों के लिए मुफ्त किया जाए। क्योंकि छात्र संगठनों ने यदि कोई कार्यक्रम करवाना होता है तो बदले में करबी 3500 रुपये फीस अदा करनी पड़ती है। इसलिए छात्रों के हित को देखकर यह निर्धारित की गई फीस वापस लेनी चाहिए। तब रजिस्ट्रार राकेश वधवा ने कहा कि सीडीएलयू का एमपी हाल दूसरे विश्वविद्यालयों से कहीं बेहतर है। यदि इसमें कार्यक्रम करवाने के लिए छात्र संगठनों के मुफ्त कर दिया गया तो यह राजनीति का अखाड़ा बन जाएगा। विश्वविद्यालय में आपके संगठन के अलावा इनसो, एबीवीवी, एनएसयूआई सहित करीब आठ संगठन है। इसलिए वे इसके हक में नहीं है। एक बार आप वीसी के समक्ष यह मुद्दा रख लें। 20 फरवरी को वीसी आएंगे आप मर्यादित तरीके से अपनी बात रखें।
इस मौके पर छात्र नेता रविंद्र बाल्याण, शीनू, राज, रेखा रानी, सचिन, सोनिया, सुनील उपस्थित थे।
ला भवन के बाहर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग
तत्पश्चात डीएएसएफआई ने सीडीएलयू में सिरसा में सीडीएलयू केंपस में ला भवन के बाहर प्रथम कानून मंत्री व संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। साथ ही चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी सिरसा में लाइब्रेरी में स्थापित एससीएसटी बैंक में सभी विभागों की पुस्तकें उपलब्ध करवाने की मांग की।