डबवाली। लायंस क्लब सुप्रीम की ओर से वीरवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष लायन आशीष मेहता ने की। इस मौके पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी शिक्षकों के सम्मान में गीत और भाषण प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि संत कुमार बिश्नोई ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि अपने आचरण और मूल्यों से जीवन जीने का सही तरीका सिखाते हैं। विद्यार्थियों को सदैव अपने शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि शिक्षक ही वह शक्ति हैं जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं।
लायंस क्लब सुप्रीम की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य अनुकरणीय हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने बड़ों और शिक्षकों का सम्मान करें और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करें। विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का आधार स्तंभ हैं। यदि शिक्षक सही दिशा दिखाते हैं तो एक पूरी पीढ़ी सही मार्ग पर चल सकती है।
उन्होंने कहा कि सभी को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शिक्षा का असली उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनना है। इस अवसर पर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार विश्नोई मुख्य अतिथि और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
लायन लेडीज डॉ. स्वाति सचदेवा, क्लब की फर्स्ट लेडी कनुप्रिया, पंकज गर्ग और सवी मोंगा ने ईश वंदना की। मंच संचालन क्लब के जनसंपर्क अधिकारी गुरदीप कामरा ने किया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष आशीष मेहता, सचिव समर्थ चावला, अमरीक सिंह गिल, राजेश मोंगा, भूपेंद्र पाहूजा आदि मौजूद रहे।