सिरसा। जिले के राजकीय पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थी इसरो का भ्रमण करने के लिए जाएंगे। इसकी तैयारियां शिक्षा विभाग की ओर से कर लगी गई हैं। इस दौरान जिले के 14 पीएमश्री के विद्यार्थी भ्रमण के लिए सिरसा से रवाना होंगे। प्रदेश के 250 पीएमश्री (प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया) स्कूलों के छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से रूबरू होने का सुनहरा मौका मिलने जा रहा है।
राज्य के 66 मेधावी विद्यार्थी नवंबर 2025 में अहमदाबाद स्थित इसरो स्पेस सेंटर का शैक्षणिक भ्रमण करेंगे। यह पहल छात्रों में विज्ञान और अनुसंधान के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की जा रही है। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर प्रत्येक जिले से तीन छात्रों के नाम मांग लिए है।
परियोजना के तहत हर जिले से तीन छात्रों का चयन किया जाएगा। इनमें कक्षा 10वीं के लिए 9वीं कक्षा का जिला टॉपर, कक्षा 11वीं (विज्ञान) के लिए 10वीं कक्षा का जिला टॉपर व कक्षा 12वीं (विज्ञान) के लिए 11वीं (विज्ञान) का जिला टॉपर का चयन किया गया है।
जिले से इन तीन छात्राओं का हुआ है चयन
अहमदाबाद स्थित इसरो स्पेस सेंटर का शैक्षणिक भ्रमण करने वाले जिले के विद्यार्थियों का भी चयन कर लिया गया है। इनमें तीनों छात्राएं हैं। इनमें पीएमश्री स्कूल बिज्जूवाली की कोमल रानी, तलवाड़ा खुर्द पीएमश्री स्कूल की सुमन रानी व रूपावास पीएमश्री स्कूल की दीक्षा है। तीनों छात्राएं इस अनोखे शैक्षणिक अनुभव के लिए बेहद उत्साहित हैं और अंतरिक्ष विज्ञान के रहस्यों को करीब से जानने के लिए उत्सुक हैं।
-
सिर्फ पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थी पात्र
चयनित विद्यार्थी हरियाणा के पीएमश्री स्कूलों में अध्ययनरत हों और उन्होंने पिछली कक्षा राजकीय स्कूल से पास की हो। जिन विद्यार्थियों को पिछले दो वर्षों में किसी एडवेंचर शिविर या समान अवसर का लाभ मिल चुका है, उन्हें इस बार वरीयता नहीं दी जाएगी।
-
मेडिकल फिटनेस और अभिभावक की सहमति जरूरी
यात्रा से पहले सभी चयनित छात्रों का चिकित्सीय परीक्षण और माता-पिता की लिखित सहमति अनिवार्य होगी। विभाग की ओर से निर्धारित फॉर्मेट में सूची भेजी गई है। इसमें छात्र का नाम, कक्षा, आधार नंबर, स्कूल का नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर, लिंग और सहमति से जुड़ी जानकारी शामिल है। शिक्षा विभाग ने कहा है कि यह पहल राज्य के युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सशक्त करेगी और उन्हें अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
पीएमश्री स्कूलों के मेधावी विद्यार्थी हरियाणा का गौरव हैं। यह पहल न केवल उनके लिए प्रेरणादायक है बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी उदाहरण बनेगी। विभाग इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिले के तीनों छात्रों का चयन कर लिया गया है।
- विनोद कुमार, सहायक परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान, सिरसा।