सिरसा।चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के विधि विभाग के विद्यार्थी महिला थाने का भ्रमण करते हुए। व
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के विधि विभाग शैक्षणिक संवर्धन और व्यावसायिक प्रशिक्षण गतिविधियों में विधि विभाग के अंतिम वर्ष बीए एलएलबी के विद्यार्थियों ने महिला थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला संबंधित अपराधों की जांच प्रक्रिया, कानूनी कार्रवाई और न्याय प्रणाली के व्यावहारिक पक्षों से अवगत करवाना रहा।
इस शैक्षणिक भ्रमण में विभाग के प्राध्यापक डॉ. राकेश सैनी और डॉ. निशा रानी ने छात्रों का मार्गदर्शन किया व उन्हें विस्तृत जानकारी प्रदान की। भ्रमण के दौरान छात्रों ने पुलिस तंत्र, केस पंजीकरण से लेकर जांच एवं चार्जशीट तैयार करने तक की प्रक्रिया को नजदीक से समझा। महिला थाना प्रभारी दर्शना देवी व राजेश कुमार डीएसपी सदर ने छात्रों का स्वागत करते हुए थाना की कार्यप्रणाली से परिचित करवाया।
उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, प्रारंभिक जांच, गवाहों के बयान व उनका परीक्षण, साक्ष्य संकलन तथा चार्जशीट तैयार करने की विधि की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान छात्रों ने पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित कई प्रश्न भी पूछे, जिनका थाना प्रभारी व डीएसपी सदर ने धैर्यपूर्वक उत्तर दिया।
थाना प्रभारी ने छात्रों को नशे के प्रति जागरूक किया गया और नशा रोकने की शपथ भी दिलाई गई। विधि विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. उमेद सिंह और विभाग की विधिक सहायता समिति के प्रमुख प्रो. मुकेश गर्ग ने बताया कि विभाग की ओर से इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं और भविष्य में भी इस तरह के भ्रमण करवाए जाएंगे, ताकि छात्र न्याय व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकें।