नेशनल कॉलेज के सामने पुतला फूंककर प्रदर्शन करते विद्यार्थी।
सिरसा। शहर के राजकीय नेशनल कॉलेज के बाहर विद्यार्थियों ने रेसलिंग फेडरेशन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का पुतला फूंका। इस दौरान विद्यार्थियों ने नारेबाजी कर रोष भी जताया।
टीम सुमित मेहता के छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मनदीप सोनी ने कहा कि बृजभूषण मामले पर आखिर सरकार की चुप्पी कब टूटेगी। ज्यों-ज्यों इंसाफ मिलने में देरी होगी, हो सकता है, सवाल बढ़ते जाएं और ये सवाल देश के स्कूलों से, कॉलेज से, यूनिवर्सिटी से, गली-मोहल्लों से, कूचों से उठेंगे कि जिस देश की राष्ट्रपति एक महिला हैं उस देश में होनहार बेटियों को इंसाफ मिलने में इतनी देरी क्यों? शिक्षा चौधरी एंव कोमल ने कहा कि दिल्ली में धरने पर बैठी महिला पहलवानों को अगर जल्द ही इंसाफ नहीं मिला तो हम लोग विरोध-प्रदर्शन और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो हम प्रदेश भर की यूनिवर्सिटी व सभी कॉलेज में भी जाकर युवाओं को तैयार करेंगे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने इस मुद्दे पर लोगों से बोलने और महिला खिलाड़ियों के धरने को समर्थन देने की अपील की है।
इस दौरान रवि छिंपा और प्रिंस सोनी ने कहा कि जिस वक्त ये महिला रेसलर मेडल लेकर आई थीं तो प्रधानमंत्री से लेकर देश के कई मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने उनका सम्मान किया था, लेकिन आज उन्हें इंसाफ के लिए सड़क पर उतरना पड़ा और इतने संघर्ष के बाद जाकर अब एफआईआर हुई है। इसके साथ ही ये चिंता भी जाहिर की गई थी कि जब देश की सम्मानित लड़कियों को न्याय नहीं मिल रहा, जब उनकी सुनवाई नहीं हो पा रही तो देश की आम लड़की, वो जो स्कूल जाती है, कॉलेज जाती है, उसके साथ अगर किसी भी तरह का अन्याय होता है तो ऐसे में न्याय की क्या उम्मीद की जाए। इस मौके पर छात्र नेता सुमित मेहता, फ्रेश सोनी, राजेंद्र कुमार, रवि छिंपा, सुभाष, जगदीप कुमार मौजूद रहे।