सिरसा। ऐलनाबाद खंड के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संसदीय कार्यवाही के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री, विपक्ष नेता, मंत्री, स्पीकर, सांसद एवं विदेशी मेहमानों की भूमिका निभाई। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, चिकित्सा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं बाढ़ इत्यादि से संबंधित प्रस्तावित विधेयकों पर पक्ष एवं विपक्ष में तर्क देते हुए विधेयकों को पास एवं रद्द किया गया।
इसके अतिरिक्त उनकी ओर से शून्य काल में भी प्रश्न पूछे गए और सत्ता पक्ष की ओर उनका जवाब भी दिया गया व काम रोको प्रस्ताव निरस्त किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य विद्याधर बेनीवाल व प्रवक्ता डाॅ. प्रवीण कुमार एवं प्रवक्ता सपना गिल की देखरेख में हुआ। डाइट डिंग से डीआरयू विंग के चेयरपर्सन डाॅ. अनिल चावला एवं विंग सदस्य प्राध्यापक डाॅ. अनिल बिश्नोई ने संयुक्त तौर पर बतौर आब्जर्वर पहुंचे।
वहीं, राजनीति विज्ञान प्रवक्ता जगदीश चंद्र ब्रांच एवं हेमराज अरोड़ा ने बतौर निर्णयक मंडल कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के अंत में डाइट प्रवक्ता डाॅ. अनिल चावला ने कहा कि युवा संसद कार्यक्रम हरियाणा सरकार की एक अच्छी पहल है। यह विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करते हुए, संसदीय परंपराओं एवं प्रक्रियाओं से अवगत करवाते हुए उनमें अभिव्यक्ति कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करने का काम करता है। इस मौके पर प्रोमिला, गुरप्रीत कौर, रणजीत कौर, अनीता, सुनीता, दीपक ग्रोवर व बीरमती आदि मौजूद रहे।