रानियां। अनाज मंडी के पास बुधवार दोपहर खेतों में पड़े धान के अवशेषों में लगी आग ने तेज हवा के चलते विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग आसपास के खेतों तक फैल गई। इससे करीब 30 एकड़ क्षेत्र में पड़ा भूसा जलकर राख हो गया।
विज्ञापन
गनीमत रही कि आग की लपटें पास की झुग्गी-झोपड़ियों की बस्ती तक नहीं पहुंचीं। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर बाद खेतों में पड़े पराली के अवशेषों में अचानक आग लग गई। हवा तेज होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। लपटें उठती देखकर किसानों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग का दायरा अधिक होने के कारण कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने भी दमकल कर्मियों का सहयोग किया। अन्य दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
विज्ञापन
अग्निशमन अधिकारी शाम सुंदर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 30 एकड़ का भूसा जलकर राख हुआ है।