सिरसा। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब 15 अगस्त तक जारी रहेगी। छह दिनों की हड़ताल के बाद शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बारिश के कारण आधे शहर में कूड़े के आसपास कचरा होने के कारण शहर में जगह जगह पर बदबू भरा माहौल बन गया है। लोगों को बाजारों व मुख्य सड़कों पर आना-जाना मुश्किल हो गया है।
पिछले दो दिनों से कचरा उठाने का प्रयास कर रहे एजेंसी के कर्मचारी कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। परिषद व एजेंसी के कर्मचारियों के कारण प्रयास के बाद भी वे कामयाब नहीं हो पाए। बार-बार नाकाम होने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने प्लानिंग की है कि डंपिंग प्वाइंटों पर खुले में कचरा डालने से बेहतर है कि ट्राली में कचरा डालें।
जिससे माहौल दुर्गंध भरा न हो और किसी भी समय ट्राली से कचरे का उठान करवाया जा सके। इससे आमजन और वाहन चालकों को लाभ मिलेगा और हालात खराब नहीं होगी। अब देखना यह है कि नगर परिषद की यह योजना कितने समय तक कामयाब रहती है।
बता दें डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियां नहीं चलने के कारण घरों में जमा कचरा भी अब सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर दिखाई देने लगा है। मजबूरी में लोग घरों का कचरा आसपास के डंपिंग प्वाइंटों या खाली स्थानों पर डाल रहे हैं। इससे पहले से जमा कचरे के ढेर लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
शहर में बस स्टैंड, बेगू रोड, शाह सतनाम चौक के पास, डाकघर क्षेत्र, शिव चौक, हिसारिया बाजार, गोल दिग्गी चौक, नौहरिया बाजार, बाल्मीकि चौक, अनाज मंडी रोड, संस्कृति स्कूल के पास, रानियां रोड, सब्जी मंडी, गुरुद्वारा चिल्ला साहिब के आसपास और डबवाली रोड समेत कई स्थानों पर बनाए गए डंपिंग प्वाइंट कचरे से अटे पड़े हैं।
कचरे का उठान नहीं होने के कारण यह डंपिंग प्वाइंटों से बाहर तक फैल गया है। बारिश के कारण कचरा गीला होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। कई जगह कचरा सड़क तक पहुंच गया है जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।
पुल पर रोकी जेसीबी, कर्मचारियों ने की नारेबाजी
नगर परिषद के कर्मचारियों को जब सूचना मिली कि एजेंसी के कर्मचारी जेसीबी से बस स्टैंड के कचरे का उठान करवा रहे हैं, हड़ताली कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जेसीबी को पुल पर ही रोक लिया। 20 मिनट तक हंगामा हुआ और एजेंसी के जेसीबी संचालक को जमकर फटकार लगाई। वहीं, उन्होंने कहा कि अगर पुन: प्रयास किया गया तो जेसीबी को कब्जे में ले लिया जाएगा। इसके बाद एजेंसी कर्मचारी जेसीबी लेकर वापस चला गया। इसके बाद कोई प्रयास नगर परिषद प्रशासन की ओर से नहीं किया गया।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान नरेश कुमार व मनोज अठवाल आदि का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के चलते डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कई दिनों से घरों में जमा कचरे के कारण लोगों को मजबूरी में उसे इधर-उधर डालना पड़ रहा है। इससे शहर में कचरे का संकट लगातार गहराता जा रहा है। हमारी प्रशासन से मांग है कि प्रशासन रात के समय में सफाई करवाकर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एजेंसी को सफाई के लिए निर्देश दिए गए और प्रयास किए जा रहे हैं। कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया था। इस संबंध में अपडेट रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जा रही है। उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद