संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में स्ट्रीट लाइटों का बुरा हाल है। एचडब्ल्यूईपी साइट में खराबी आने से पहले महज एक टेंडर ही सिरे चढ़ पाया था। इसके अलावा, तीन माह से दो महत्वपूर्ण स्ट्रीट लाइट टेंडरों को आज तक गति नहीं मिली है।
नगर परिषद जहां आधुनिक लाइटें लगाने के लिए प्रयासरत है वहीं, जेल तक पुराने ढर्रे पर स्ट्रीट लाइटों को लगाया गया है।
बरनाला रोड पर बिजली घर से लेकर जेल के पेट्रोल पंप तक कोई स्ट्रीट लाइट पोल नहीं था। विशेष रूप से सड़क सुरक्षा को देखते हुए नगर परिषद ने यह टेंडर लगाया था। 30 से ज्यादा पोल यहां पर नए लगाए जाने थे। अब तक महज 15 से 20 पोल ही जेसीडी के गेट तक लग पाए हैं। उससे आगे के पोल के लिए फाउंडेशन भरने का काम ही पूरा हुआ है।
पुराने एल्युमिनियम के पोल नगर परिषद ने लगाए हैं जबकि पंजाब की ओर से शहर में होने वाली एंट्री पर आधुनिक पोल लगाने की योजना बनाई गई थी ताकि पंजाब से शहर के अंदर आने वाले लोगों को सुंदरता का आभास हो। नगर परिषद के अधिकारियों की ओर से पुराने सिस्टम से पोल खड़े कर दिए हैं।
डबवाली रोड की स्थिति भी अलग नहीं है। चतरगढ़पट्टी से लेकर एयरफोर्स तक करीब आठ वर्षों से आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग उठती रही है लेकिन अब तक लोगों का इंतजार खत्म नहीं हुआ। नगर परिषद ने इस परियोजना के लिए करीब एक करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है।
योजना के तहत 120 से 122 आधुनिक स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाने हैं। इन्हें स्थापित करने से पहले भूमिगत केबल बिछाने के लिए बीएंडआर विभाग के डिवाइडर निर्माण कार्य को भी बीच में रोका गया था लेकिन इसके बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
कुछ ऐसे ही हालात बेगू रोड के भी हैं। यहां पर बार-बार स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर बनाए गए लेकिन धरातल पर आज तक काम शुरू नहीं हुआ है।