डबवाली। शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेसहारा पशुओं के कारण हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पहला हादसाः
पहला हादसा गांव डबवाली स्थित जोगेवाला रोड पर हुआ। गांव डबवाली निवासी गुरप्रीत पुत्र सुखपाल मोटरसाइकिल पर सवार होकर डबवाली से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक बेसहारा पशु उसकी मोटरसाइकिल के सामने आ गया जिससे संतुलन बिगड़ने पर गुरप्रीत नीचे गिरकर घायल हो गया। उसे तुरंत डबवाली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
दूसरा हादसाः
दूसरा हादसा हाईवे पर देवीलाल स्मारक के सामने वाली सड़क पर पेश आया। गांव सिंघेवाला निवासी 28 वर्षीय मनप्रीत पुत्र बलदेव अपने मोटरसाइकिल से रेलवे ओवरब्रिज होते हुए मलोट की ओर जा रहा था। अचानक सड़क पर आए बेसहारा पशु से टकराकर वह मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया और बुरी तरह घायल हो गया। सूचना मिलने पर डबवाली एंबुलेंस सेवा ट्रस्ट के चालक कुलवंत ने एंबुलेंस के जरिए घायल मनप्रीत को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हरियाणा के मुख्यमंत्री ने गो सेवा आयोग की बैठक में बेसहारा पशुओं को गोशालाओं में पहुंचाने और उन्हें सड़कों पर खुला छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है और सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशी आए दिन राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।