डबवाली। पुलिस द्वारा करवाई गई प्रतियोगिता में खेलते बच्चे। पुलिस
डबवाली। डबवाली पुलिस की स्पोर्ट्स एसपीओ टीम द्वारा गांव-गांव पहुंचकर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शुक्रवार को एसपीओ रणजीत सिंह ने गांव डबवाली, एसपीओ राजेश कुमार ने गांव पन्नीवाला मोरिकां व एसपीओ राजेंद्र ने गांव तख्तमल व धर्मपुरा में पहुंचकर युवाओं की वॉलीबाल और क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित करवाईं।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी घातक बीमारी से दूर रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पुलिस टीमों ने आमजन से नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस के अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
यदि कोई व्यक्ति नशा तस्करी या नशा बेचने से संबंधित किसी गतिविधि की जानकारी पुलिस को देता है तो उसकी पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा जारी मानस पोर्टल एवं हेल्पलाइन नंबर 1933 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इसके अतिरिक्त अपने नजदीकी थाना या चौकी में भी सूचना दी जा सकती है।
पुलिस टीमों ने बताया कि नशा अनेक बीमारियों और अपराधों को जन्म देता है। नशे की लत में फंसे युवक चोरी, स्नैचिंग, लूट तथा अवैध हथियारों जैसे अपराधों की ओर अग्रसर हो जाते हैं, जिससे उनकी हंसती-खेलती जिंदगी बर्बाद हो जाती है। इसलिए युवाओं के साथ-साथ अभिभावकों की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी समस्या की स्थिति में संवाद के माध्यम से उनका मार्गदर्शन करें।
युवाओं से आह्वान किया गया कि वे नशे का त्याग कर अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत व लगन से प्रयास करें। डबवाली पुलिस समाज को नशा-मुक्त बनाने के लिए सदैव तत्पर है और आमजन के सहयोग से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।