गांव शहीदांवाली के रामलीला मैदान में एचडीएफसी बैंक और कार्ड संस्था की ओर से ग्राम पंचायत के सहयोग से युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें अनेक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मटका दौड़ में अविनाश कौर प्रथम, सीमा रानी द्वितीय, नींबू रेस में महिलाओं में प्रियंका देवी, संगीता रानी द्वितीय रहीं।
इस मौके पर मुख्य अतिथि सरपंच जगदीश कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार, दर्शन और अध्यापन भारत की महान सांस्कृतिक और पारंपरिक संपत्ति हैं। युवा देश के महत्वपूर्ण अंग हैं, जो देश को आगे बढ़ाता है। इसी वजह से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों के द्वारा सबसे पहले युवाओं को चुना जाता है। इस अवसर पर महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें मटका रेस, नींबू रेस, जलेबी रेस, बोरी रेस, फ्री स्टाइल रेस, बुजुर्गों व युवाओं के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गईं।
महिलाओं की मटका दौड़ में अविनाश कौर प्रथम, सीमा रानी द्वितीय, नींबू रेस में महिलाओं में प्रियंका देवी, संगीता रानी द्वितीय रहीं। जलेबी रेस में ज्योति प्रथम, सुनीता द्वितीय रहीं। इसके साथ ही पुरुषों की जलेबी रेस प्रतियोगिता में लवप्रीत प्रथम, मोनू कक्कड़ द्वितीय स्थान पर रहे।
महिलाओं की बोरी रेस में पूजा प्रथम तथा कोमल रानी द्वितीय स्थान पर रहीं। फ्री स्टाइल दौड़ में सोमा रानी प्रथम, कैलाश रानी दूसरे स्थान पर रहीं। रस्साकशी में युवाओं की टीम ने जीत हासिल की। विजेता प्रतिभागियों को कार्ड संस्था के कार्यक्रम समन्वयक दलबीर गोदारा व सरपंच जगदीश कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पंचायत सदस्य महेंद्र पाल, हरीश कुमार, आत्मा राम, पूर्व पंच भजनलाल दहिया, कोच इंद्रजीत सिंह, कार्ड संस्था से दलबीर गोदारा, सुनील कुमार, प्रदीप सैनी सहित भारी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे, ग्रामीण उपस्थित थे।