सिरसा। इस बार खास संयोग है कि अगस्त महीने में आने वाले बड़े त्योहार शनिवार को हैं। भाई बहन के प्यार का प्रतीक ‘रक्षाबंधन पर्व, भगवान श्री कृष्ण के प्रकटोत्सव ‘जन्माष्टमी’ के अलावा इस बार शनैश्चरी अमावस्या भी शनिवार को है। रक्षाबंधन का त्योहार नौ अगस्त को है। इसके बाद 16 अगस्त को जन्माष्टमी है। 23 अगस्त को भगवान शनिदेव की पूजा में विशेष महत्व रखने वाली ‘शनैश्चरी अमावस्या’ है।
रक्षाबंधन पर शनिदेव को करें रक्षा सूत्र अर्पित
इस बार रक्षाबंधन पर्व शनिवार को होने के कारण इसका विशेष महत्व हो गया है। रक्षाबंधन के दिन बहनें एक रक्षासूत्र यानि राखी भगवान शनिदेव को समर्पित करें। नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन श्री शनिधाम मंदिर के पुजारी आनंद भार्गव ने बताया कि रक्षाबंधन पर भगवान शनिदेव को राखी अर्पित करना शुभकारी रहेगा।
शनैश्चरी अमावस्या पर बरसेगी शनि कृपा
शनिधाम मंदिर के पुजारी ने बताया कि 23 अगस्त को शनैश्चरी अमावस्या है। जीवों के उनके कर्मों के अनुसार शुभ अशुभ फल देने वाले भगवान शनिदेव पूजा में विशेष महत्व रखने वाली ‘शनैश्चरी अमावस्या’ पर शनि कृपा बरसेगी। इस दिन विधि पूर्वक शनि अराधना, उपवास व दान इत्यादि करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है और शनिजनित कष्टों, ढैय्या व साढ़ेसाती से राहत मिलती है। शनैश्चरी अमावस्या के अवसर पर नोहरिया बाजार स्थित शनिधाम में शनिदेव जी का तेल अभिषेक, भंडारा व जागरण कार्यक्रम होगा। जागरण में सिरसा की प्रख्यात भजन गायिका प्रतिष्ठा शर्मा भजनों के माध्यम से बाबा की महिमा गाएंगी।