8 जून को सोमनाथ के लिए रवाना होगी विशेष ट्रेन
- 6 जून तक करवा सकते हैं पंजीकरण, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। प्रदेश सरकार की ओर से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत प्रदेश के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को सोमनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार 8 जून को कुरुक्षेत्र से सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा बिल्कुल निशुल्क होगी। इच्छुक पात्र वरिष्ठ नागरिक 6 जून तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
जिला जनसूचना व जनसंपर्क अधिकारी रामनाथ ने बताया कि पात्र परिवारों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर योजना का लाभ मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। इसके अलावा, आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम निर्धारित की गई है।
इच्छुक लाभार्थियों के लिए सरल पोर्टल saralharyana.gov.in पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। योजना के नियमों अनुसार तीन साल में एक बार ही आवेदनकर्ता परिवार इस योजना का लाभ उठा सकता है। आवेदक का मेडिकल रूप से फिट होना भी जरूरी है। इसका उन्हें प्रमाणपत्र जमा करवाना होगा।