- साधारण से लेकर आकर्षक दिखने वाले घड़ों की मांग
फोटो- 10
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में इन दिनों गर्मी बढ़ने लगी है। पिछले कुछ दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। लोग घरों में ही रहने के लिए मजबूर हैं।
बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब पारंपरिक उपायों की ओर लौटते दिखाई दे रहे हैं। इसका सीधा असर बाजार में भी देखने को मिल रहा है। तापमान के बढ़ते ही मिट्टी के बर्तनों की मांग में अचानक उछाल आ गया है। बाजारों में मिट्टी के घड़े, सुराही, बोतलें और गिलास खरीदने वालों की भीड़ बढ़ गई है।
खासतौर पर महिलाएं घरों के लिए मिट्टी के घड़े और अन्य सामान खरीदती नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि मिट्टी के बर्तन में रखा पानी ठंडा और स्वास्थ्य के लिए बेहतर होता है जो फ्रिज के पानी की तुलना में अधिक लाभदायक है।
टोटी वाले घड़ों की ज्यादा मांग
इस बार बाजार में टोटी वाले घड़ों की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। लोग ऐसे घड़े पसंद कर रहे हैं जिनमें पानी निकालने के लिए टोंटी लगी होती है ताकि बार-बार घड़ा उठाने की जरूरत न पड़े और पानी भी साफ-सुथरे तरीके से निकाला जा सके। दुकानदार रवि कुमार का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार टोटी वाले घड़ों की बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है।
मिट्टी के गिलास व बोतल भी कर रहे आकर्षित
घड़ों के अलावा, बाजार में मिट्टी से बने बोतलें और गिलास भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। खासकर युवा वर्ग इन उत्पादों को पसंद कर रहा है क्योंकि ये न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं बल्कि देखने में भी आकर्षक लगते हैं। कई लोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से भी मिट्टी के उत्पादों की ओर रुख कर रहे हैं।
आगे और ज्यादा बढ़ेगी मांग
दुकानदार कृष्ण कुमार ने बताया कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा, वैसे-वैसे इन उत्पादों की मांग और बढ़ने की उम्मीद है। कुछ दुकानदारों ने पहले ही अतिरिक्त स्टॉक मंगवा लिया है ताकि ग्राहकों की जरूरत को पूरा किया जा सके। वहीं, कुम्हारों के लिए भी यह समय कमाई का अच्छा अवसर लेकर आया है। लंबे समय से घटती मांग के कारण परेशान कुम्हार अब एक बार फिर अपने काम में व्यस्त नजर आ रहे हैं।