सिरसा। रुपये दोगुना करने के नाम पर छह लोगों ने पंजाब के जिला बठिंडा निवासी व्यक्ति से तीन लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों में दो शख्स पुलिस की वर्दी पहने हुए थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद व चार अन्य के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में तनमेय निवासी एकता कॉलोनी जिला बठिंडा ने बताया कि उसकी बठिंडा बस स्टैंड पर तनमेय मोबाइल केयर नाम से दुकान है। उसकी दोस्ती लभा पुत्र मंदर निवासी गुरुसर सेनिवाला बठिंडा से है। लभा ने उसे बताया कि सोमबीर निवासी रतनपुरा जिला हनुमानगढ़ रुपये दोगुना करने का काम करता है। 25 मई को तनमेय ने सोमबीर से व्हाट्सएप कॉल पर संपर्क किया। सोमबीर ने उसे बताया कि उसके बॉस भूरा निवासी सतनाम चौक, सिरसा है। उसी के माध्यम से रुपये दोगुना करवाए जा सकते हैं।
सोमबीर ने तनमेय को पांच लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा, इसके बाद दस लाख रुपये दिलाने की बात कही। तनमेय का कहना है कि उसने तीन लाख रुपये का इंतजाम कर लिया। भूरा से मुलाकात के लिए सोमबीर ने तनमेय को डेरा सच्चा सौदा के गेट नंबर 10 के पास बुलाया। तनमेय तीन लाख रुपये लेकर अपने दोस्त रमनदीप सिंह के साथ 10 नंबर गेट के पास पहुंच गया। यहां सोमबीर से उसकी मुलाकात हुई। इसके बाद वे तीनों कार में सवार होकर नेजिया खेड़ा टी-प्वाइंट रंधावा रोड पहुंचे।
बिना नंबर की गाड़ी में सवार होकर आए थे
तनमेय का कहना है कि यहां पर एक बिना नंबर की एक गाड़ी खड़ी थी। जिसमें दो व्यक्ति बैठे थे। सोमबीर ने भूरा नाम के शख्स को पुकारा। इसके बाद तनमेय ने तीन लाख रुपये उसे दे दिए। भूरा ने उसे कहा कि कुछ समय में एक इनोवा गाड़ी आएगी, जो तुम्हें 6 लाख रुपये दे देगी। कुछ ही देर में वहां पर एक इनोवा गाड़ी आई। जिसमें तनमेय व सोमबीर बैठ गए। तनमेय का कहना है कि इनोवा गाड़ी में चार लोग पहले से बैठे थे। जिनमें से दो ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी और दो सादे कपड़ों में थे।
-
फूलकां गांव के पास ले गए आरोपी
तनमेय का कहना है कि इनोवा गाड़ी में सवार लोग उसे सिरसा से दूर गांव फूलकां ले गए। यहां उन्होंने उसे नीचे उतार दिया और कहने लगे की तुमने गैर कानूनी काम किया है। उक्त लोगों ने मोबाइल फोन में उसकी फोटो खींची और कहा कि तुम यहां रुको एक गाड़ी और आएगी, जो तुम्हें पुलिस स्टेशन लेकर जाएगी। ये कहते ही सोमबीर सहित पांचों लोग इनोवा गाड़ी में सवार होकर चले गए।
-
लिफ्ट लेकर दिल्ली पुल पहुंचा पीड़ित
तनमेय का कहना है कि वह ट्रैक्टर पर लिफ्ट लेकर दिल्ली पुल पहुंचा और डायल 112 को कॉल की। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नाथूसरी चौपटा थाना छोड़कर चली गई। तनमेय का कहना है कि सोमबीर,भूरा व उसके चार अन्य साथियों ने रुपये दोगुना करने के नाम पर उससे तीन लाख रुपये हड़प लिए।
-
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी काफी शातिर हैं। वे उसी मार्ग पर पीड़ित को लेकर गए जहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -पूनम चंद, एसआई, जांच अधिकारी।