सिरसा के शहरी क्षेत्र में मच्छरों के लारवा की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
सिरसा। जिले में डेंगू का प्रकोप जारी है। सोमवार को जिले में 6 और डेंगू के मरीज मिले। इसके साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 252 पहुंच गया है। जिले में डेंगू को लेकर फॉगिंग करवाने जैसे प्रयास कारगर साबित नहीं हो रहे है।
55 टीमों का भी कोई खास प्रभाव फील्ड में नजर नहीं आ रहा है। जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 252 मामले आ चुके हैं। इनमें से 232 मरीज इलाज के बाद घर जा चुके हैं। 17 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 4 मरीजों का नागरिक अस्पताल में और 13 मरीज निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
जहां मिल रहे मरीज वहां करवाई जा रही फॉगिंग
चिकित्सकों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग मरीजों की संख्या कम करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। शहरी क्षेत्रों में केस के आधार पर फॉगिंग करवाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत के माध्यम से फॉगिंग और दवा का छिड़काव कर मच्छरों पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जा रही है। जिन गांवों या फिर शहरी क्षेत्र से मरीज मिल रहे हैं, उनके घरों के आसपास और मोहल्ले में दवा का छिड़काव और फॉगिंग भी की जा रही है।
हमारी टीम फील्ड में लगी हुई है। डेंगू के मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है। फॉगिंग नियमित रूप से करवाई जा रही है। डाॅ. गौरव अरोड़ा , जिला मलेरिया रोकथाम अधिकारी, नागरिक अस्पताल सिरसा।