गोरीवाला क्षेत्र के गांव रामपुरा के निकट बुधवार सुबह गोभक्तों व किसानों ने एक पिकअप गाड़ी में वध के लिए ले जाए जा रहे करीब आधा दर्जन गोवंश को मुक्त करवाया।
पिकअप चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। लोगों ने गाड़ी के चारो टायरों की हवा निकाल दी। छुड़वाए गए गोवंश में एक बछड़े की मौत हो चुकी थी।
उसके बाद गोवंश को पास की गोशाला में छोड़ दिया गया। जानकारी अनुसार गोरीवाला क्षेत्र के गांव रामपुरा के निकट बुधवार की सुबह एक पिकअप गाड़ी आ रही थी। शक होने पर किसानों व गोभक्तों ने जब पिकअप को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय और तेज भगा ली।
इसके बाद उक्त पिकअप गाड़ी का पीछा किया गया, जिस पर कुछ दूरी पर चालक मौके से गाड़ी छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने पिकअप के चारों टायरों की हवा निकाल दी।
जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें करीब आधा दर्जन गोवंश भरे हुए थे। जब उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला गया तो एक बछड़े की मौत हो चुकी थी, जबकि बाकि पशुओं का भी बुरा हाल था। इसके बाद किसानों व गोभक्तों ने गोवंश को पास की गोशाला में भेज दिया।