मेला ग्राउंडवासियों का पिछले लंबे समय से सीवरेज जाम होने की समस्या के चलते जीना दूभर हो गया है। सीवरेज जाम होने से वार्ड में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं तथा सीवरेज का गंदा पानी पिछले लंबे समय से गलियों में बिखरा पड़ा रहता है
जिससे वार्डवासियों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। पूरे वार्ड में चारों तरफ से पड़ने वाले मार्गों में से कोई भी मार्ग सूखा नहीं है, हर तरफ सीवरेज का पानी बह रहा है और गंदगी के ढेर लगे हैं।
कुछ समय पहले जब वार्डवासियों ने जब यह मामला पुरजोर तरीके से उठाया था, उस समय कुछ सीवरेज की सफाई की गई थी। उसके बाद लंबा समय बीत जाने के बाद भी आज वार्ड का हाल उससे कहीं अधिक बुरा है।
वार्ड में गंदे पानी के कारण मच्छरों की भरमार हो गई है जिससे अनेक वार्डवासी बुखार व डेंगू की चपेट में आ गए हैं। वार्ड में अनेक बार यही सीवरेज का गंदा पानी घरों की पेयजल सप्लाई में मिल जाता है, जिसके चलते वार्डवासी गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
इसका कारण वार्ड में कई जगह वाटर सप्लाई की भूमिगत पाइप भी टूटी हो सकती है, इसकी जांच में भी अधिकारी लापरवाही कर रहे हैं। वार्डवासियों ने कहा कि उपरोक्त समस्याओं को लेकर वार्डवासी अनेक बार विभागीय अधिकारियों व सीएम विंडो में शिकायत कर चुके हैं परंतु आज तक समाधान नहीं हुआ।
वार्डवासियों ने प्रशासन के विरूद्ध नारे लगाते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इस अवसर पर पूर्व नगरपार्षद बृजलाल सैनी, जुगल सैनी, संजय जांगड़ा, जगदीश, शंकर लाल सैनी, ओमप्रकाश शर्मा, बिट्टू जांगड़ा, अमर सिंह सैनी, भूप प्रजापति, लीलू सैनी, रमेश प्रजापति, सुरेंद्र प्रजापति, मनीलाल जांगड़ा, उदाराम, संजय प्रजापति, मनीराम सुथार, रमेश सोनी, सन्नी धोबी, सुखा बाजीगर आदि उपस्थित थे।