श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी मामले में जांच कर रही एसआईटी ने एक बार फिर शुक्रवार को डेरा सच्चा सौदा में अचानक दबिश दी। एसआईटी इंचार्ज आईजी एसपीएस परमार सिरसा पहुंचे और सिरसा एसपी को साथ लेकर डेरे में दबिश दी। एसआईटी को चेयरपर्सन बिपासना इंसां नहीं मिली। जबकि वाइस चेयरमैन डॉ. पीआर नैन जांच में शामिल हुए और उनसे करीब साढ़े 4 घंटे तक बंद कमरे में पूछताछ चली।
75 सवालों के बाद तबीयत खराब होने की बात कहकर डॉ. नैन ने आगे सहयोग नहीं किया। इस पर अब आगे पूछताछ होगी। एसआईटी के इंचार्ज आईजी एसपीएस परमार अपनी करीब 23 सदस्यीय टीम के साथ सिरसा पहुंचे। इसमें बटाला के एसपी मुखविंदर सिंह भुल्लर सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। एसआईटी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे डेरे में पहुंची। इस दौरान सिरसा के एसपी डॉ. अर्पित जैन, डीएसपी संजय बिश्नोई सहित अन्य अधिकारी भी साथ रहे। एसआईटी को हालांकि चेयरपर्सन बिपासना नहीं मिलीं लेकिन वाइस चेयरमैन डॉ. पीआर नैन हाजिर थे और जांच में शामिल हुए।
करीब 200 प्रश्न पूछने थे लेकिन 75 के बाद बाद नैन बोले- मेरी तबीयत खराब है
एसआईटी करीब 200 प्रश्न को सूचीबद्ध करके लाई थी। साढ़े 4 घंटे के दौरान करीब 70-75 सवाल ही पूछे थे कि डॉ. पीआर नैन बोले कि उनकी तबीयत खराब है इसलिए और ज्यादा बातचीत नहीं कर सकते। इसके बाद एसआईटी ने सभी प्रश्न उन्हें लिखित में दे दिए। इनका जवाब देने के लिए एसआईटी ने नैन को 48 घंटे का समय दिया। साथ ही कुछ अन्य कागजात भी मांगे हैं जो कि इतनी ही अवधि में पेश करने होंगे। इस दौरान डेरे के वकील केवल सिंह बराड़ भी साथ रहे।
शुक्रवार को हमने डेरा पहुंचकर पीआर नैन ने पूछताछ की है। करीब 200 सवाल लेकर आए थे लेकिन लगभग 75 सवाल का ही जवाब नैन दे पाए हैं। बाकी सवाल उन्हें बता दिए हैं और कुछ अन्य कागजात मांगे हैं। इसके लिए 48 घंटे का समय दिया गया है। जरूरत पड़ी तो दोबारा पूछताछ करेंगे। बिपासना यहां नहीं मिली। - एसपीएस परमार, आईजी, इंचार्ज एसआईटी।
इस मामले की सीबीआई जांच के बाद क्लीनचिट मिल चुकी है लेकिन इसके बावजूद एसआईटी जांच कर रही है। सीबीआई जांच के बाद आगे जांच तो की जा सकती है लेकिन दोबारा जांच नहीं हो सकती। ये जांच अब गलत दिशा में जा रही है, केवल राजनीति हो रही है जो कि ठीक नहीं है।
- केवल सिंह बराड़, वकील, डेरा सच्चा सौदा, सिरसा।