संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। कुरुक्षेत्र में आयोजित 59वीं हरियाणा स्कूल स्टेट वॉलीबाल प्रतियोगिता में सिरसा की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
सिरसा की टीमें पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहीं और उन्होंने एक भी सेट नहीं गंवाया। सभी मुकाबले 2-0 से जीतकर टीमों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। सिरसा की तीनों विजेता टीमों में शाह सतनाम जी बाॅयज स्कूल के 19 खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंडर-14 वर्ग के फाइनल में सिरसा ने भिवानी को 25-14, 25-19 से हराया। अंडर-17 में सिरसा ने कैथल को 25-19, 25-15 से मात दी। अंडर-19 में जींद को 25-14, 25-21 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान सिरसा के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तकनीकी दक्षता, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। तीनों आयु वर्गों में विरोधी टीमों को एक भी सेट जीतने का मौका नहीं मिला।
सफलता का श्रेय : विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता दयाराम और टीम प्रभारी अनिल कड़वासरा ने भी प्रोत्साहन दिया। मंगत कड़वासरा और प्रशिक्षक अमित बुल्ला ने भी खिलाड़ियों की सराहना की।