सिरसा। शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित 58वीं हरियाणा स्टेट स्कूल टूर्नामेंट में लड़कियों के वर्ग की सॉफ्टबाल और नेटबसल प्रतियोगिताएं शुक्रवार को संपन्न हुई। इस दौरान नेटबाल व सॉफ्टबाल में सिरसा की टीमें चमकीं। समापन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता सांई मुख्य अतिथि व सहायक जिला शिक्षा अधिकारी हरबंस सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान पर रही टीमों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। नेटबाल में प्रथम स्थान प्राप्त टीम को 12 हजार, द्वितीय स्थान पर रही टीम को 9 हजार तथा तृतीय टीम को 6 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं सॉफ्टबाल प्रतियोगिता में विजेता टीम को 16 हजार, उपविजेता को 12 हजार रुपये और तीसरे स्थान की टीम को 8 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सुनीता साईं ने कहा कि खेलों में भागीदारी जीवन के लिए अनिवार्य है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क व सहनशीलता की शिक्षा भी देते हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस टूर्नामेंट में विभिन्न जिलों की युवा खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत व उत्साह का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का संचालन सहायक जिला शिक्षा अधिकारी हरबंस सिंह की अगुवाई में किया गया। सॉफ्टबाल प्रतियोगिता के लिए राजेश कंबोज और नेटबाल के लिए राकेश कुमार डीपीई को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सॉफ्टबाल प्रतियोगिता में राजेश कंबोज के अलावा दमनप्रीत, सुरेंद्र कंबोज, शंशिकांत (फतेहाबाद), राकेश (जींद), सतबीर (रोहतक), राजेश (भिवानी) सहित अन्य प्रशिक्षकों ने सहयोग किया। नेटबाल में राकेश सहारण, अजय कुमार, अनिल कुमार (हिसार), सतपाल और कन्वीनर अरुण कुमार (कुरुक्षेत्र) सहित अन्य प्रशिक्षकों ने अपनी सेवाएं दी।
-
अंडर-17 आयु वर्ग में मेजबान टीम ने मारी बाजी
नेटबाल के नोडल अधिकारी व डीपीई राकेश सहारण ने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग में रेवाड़ी की टीम प्रथम, सिरसा द्वितीय और जींद तृतीय स्थान पर रही। अंडर-17 वर्ग में मेजबान सिरसा की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया, फतेहाबाद द्वितीय तथा हिसार तृतीय रही। अंडर-19 वर्ग में रेवाड़ी प्रथम, सिरसा द्वितीय और हिसार तृतीय स्थान पर रही। सिरसा की टीमों ने मेजबान के रूप में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
सॉफ्टबाल अंडर-14 में झज्जर की टीम प्रथम
सॉफ्टबाल के नोडल अधिकारी राजेश कंबोज ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में झज्जर की टीम प्रथम, फतेहाबाद द्वितीय तथा कैथल तृतीय स्थान पर रही। अंडर-17 वर्ग में फतेहाबाद प्रथम, कुरुक्षेत्र द्वितीय और हिसार तृतीय रही। अंडर-19 वर्ग में फतेहाबाद, कैथल और हिसार की टीमें क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने में सफल रहीं।