आदर्श गांव गुडियाखेड़ा में शनिवार से राज्यस्तरीय चौकबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शुरू हुआ। शुभारंभ के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ इनेलो नेता हरपाल कासनिया ने शिरकत की।
जिला चौकबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 22 टीमें हिस्सा ले रही है। जिसमें नौ टीमें लड़कियों व 13 लड़कों की टीमें शामिल है।
शुभारंभ के मौके पर उपस्थित मेहमान टीमों व अतिथिगणों का चौकबॉल एसोसिएशन सिरसा की तरफ से जिलाध्यक्ष सूबेसिंह चाहरवाला ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता करवाने की हमें मेजबानी मिली।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन गांव स्तर पर होने से जहां ग्रामीण आंचल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा वहीं सिरसा जिले भी खेलों के मामले में अपनी उत्कृष्ट भूमिका निभाएगा।
इस मौके पर स्कूल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें मंच संचालन जोगेंद्र सिंह डीपीई ने किया।
वहीं प्रतियोगिता में मैच रेफरी के रूप में नीरज अहलावत, कुलदीप, राकेश, रोहित त्यागी ने अपनी भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का पहला मैच लड़कों की सिरसा व भिवानी टीमों में हुआ जिसमें सिरसा की टीम 17-10 के अंतर से जीती।
दूसरा मैच लड़कियों की पानीपत व महेंद्रगढ़ की टीमों में हुआ जिसमें पानीपत की टीम 16-8 के बड़े अंतर से जीती। इसके अलावा लड़कों की हिसार व करनाल की टीम में मुकाबला हुआ जिसमें कड़े मुकाबले में हिसार की टीम ने 13-10 के अंतर से जीत हासिल की।