एनआईए ने बुधवार सुबह पांच बजे सिरसा के रोड़ी क्षेत्र के गांव भीमा में जश्न सिद्धू उर्फ बाउंसर के घर छापा मारा। एनआईए ने जश्न के घर की तलाशी ली और करीब आठ घंटे तक पूछताछ की। एनआईए ने जश्न के दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। इसके बाद रोड़ी थाना में उसे ले जाकर छोड़ दिया। एनआईए ने जश्न बाउंसर को नोटिस देकर तीन अक्तूबर को चंडीगढ़ में तलब किया है।
जश्न बाउंसर पंजाब के किसान नेता भान्ना सिद्धू के साथ करीब डेढ़ वर्ष से काम कर रहा था। इससे पहले वह पंजाबी अभिनेता करतार चिम्मा और गायक काका के साथ भी काम कर चुका है। सूत्रों के अनुसार उसकी विदेश में बातचीत होने और खाते में फंडिंग आने पर एनआईए ने छापा कार्रवाई की है। बताया जा रहा है टीम ने उसके घर से बैंक पासबुक भी जब्त की है।
उसकी मां दर्शन कौर ने बताया कि उसका बेटा कोई भी गलत काम नहीं करता था। वह भान्ना सिद्धू के साथ करीब डेढ़ वर्ष से काम कर रहा है। इसका फोन भान्ना सिद्धू भी इस्तेमाल करता था।