इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने फिर से उस भ्रष्ट कल्चर की शुरुआत कर दी है जो भजन लाल ने शुरू किया था। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य के चुनाव के दौरान हुई घटना प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। देश भर में प्रदेश की राजनीति पर थू-थू हो रही है।
दिग्विजय चौटाला शुक्रवार को जेसीडी विद्यापीठ में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य के लिए हुए चुनाव में वे वहां पर मौजूद थे इसलिए पूरी घटना से वाकिफ हैं। उन्होंने बताया कि वोट डालने में दो से पांच सेकेंड ही लगते हैं पर असीम गोयल को 40 से 50 सेकेंड और जय प्रकाश को करीब एक मिनट का समय लगा जिससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा ने प्रदेश में भ्रष्ट युग की शुरूआत की है।
उन्होंने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कर्ण दलाल, कुलदीप बिश्नोई व रेणुका बिश्नोई का वोट सही डला जिसके बाद भाजपा के विधायक असीम गोयल अंदर गए जिन्होंने वोट डालने में 40 से 50 सेकेंड लगाए और यहीं से पेन की स्याही तबदील हो गई। जाहिर है कि असीम गोयल ने पैन का रिफिल बदला और उसके बाद वोटिंग होती रही।
जब जय प्रकाश वोट डालने गए तो करीब एक मिनट लगा जिसके बाद डाले गए वोटों की स्याही सही है। इससे स्पष्ट होता है कि जयप्रकाश ने फिर से सही रिफिल पैन में डाल दिया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस प्रकार के कल्चर को समाप्त करने के लिए कदम उठाया था पर आज भाजपा के मुख्यमंत्री ने भ्रष्ट कल्चर की फिर से शुरूआत करने के लिए कांग्रेस से हाथ मिलाया है।
उन्होंने कहा कि मैने भीलवाड़ा में 27 दिसंबर को छोरा जाटां का की बात की थी जो गलत भी नहीं है पर उस बात पर पहले से सांसद दुष्यंत को और अब मुझे उलझाने की कोशिश की जा रही है। वे इस मामले में कोर्ट में जाएंगे क्योंकि उन्होंने किसी को गलत नहीं कहा। वैसे भी जाटों के छौरों पर रागणियों और गीतों में भी जिक्र किया जाता है तो क्या सब पर केस दर्ज होने चाहिए? उन्होंने कहा कि उस वक्त प्रदेश में आरक्षण को लेकर किसी प्रकार का आंदोलन नहीं चल रहा था। उन्होंने कहा कि जाटों को आरक्षण मिलना चाहिए क्योंकि ये उनका हक है।