एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद के प्रबंधों को लेकर उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने बुधवार को अपने कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। डीसी ने अधिकारियों को संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा मंडी में बिजली व पानी की उचित व्यवस्था की जाए और शौचालयों की सफाई भी सुनिश्चित की जाए। गेहूं के उठान और उसके भुगतान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उपायुक्त बराड़ ने कहा कि फसल की खरीद व उठान समय पर करना सुनिश्चित करें। व्यापारियों व एजेंसियों की ओर से गेहूं खरीद व उठान में किसी प्रकार की देरी व कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी ज्यादा से ज्यादा ट्रक व लेबर की व्यवस्था करें, ताकि गेहूं उठान में देरी न हो। उन्होंने कहा कि यदि लेबर और ट्रक से संबंधित परेशानी है तो यह जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों की बनती कि वह इसका समाधान करे। सभी एजेंसियां अपने काम को समय पर ईमानदारी से करें। उन्होंने अनाज मंडी प्रधान सुरेंद्र कुमार से कहा कि सभी एजेंसियों व व्यापारियों से मिलकर गेहूं उठान का कार्य समय पर पूर्ण करवाएं। गेहूं को साफ-सफाई करने के बाद ही पैक किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में गेहूं लेकर आने वाले किसानों को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए तथा उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। मंडी में बिजली व पानी की उचित व्यवस्था की जाए तथा शौचालयों की सफाई भी सुनिश्चित करें।
बिजली की ढीली तारें कसवाने के निर्देश
किसान सभा की तरफ से आए हुए सदस्यों ने अपनी समस्याएं रखी। उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी आपस में तालमेल बना कर चलें। उन्होंने अधीक्षक अभियंता बिजली विभाग को निर्देश दिए कि बिजली की ढीली तारों को दुरुस्त करें, ताकि किसानों की फसल में किसी प्रकार की आगजनी न हो पाए। इस अवसर पर व्यापारियों ने टूटी फूटी सड़कों की समस्या रखी की मंडी तक गेहूं लाने में परेशानी होती है जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र ही रोड की मरम्मत करवाएं।
कौन कौन रहा मौजूद
इस मौके पर उपमंडल अधिकारी परमजीत सिंह चहल, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश कुमार, डीडीपीओ प्रीतपाल, अधीक्षक अभियंता बिजली विभाग आर के वर्मा, कार्यकारी अभियंता नहरी विभाग वीके.जग्गा, कार्यकारी अभियंता मार्केट कमेटी रमेश कुमार, सचिव मार्केट कमेटी जयवंती कांसनियां, अनाज मंडी प्रधान सुरेंद्र कुमार, उप प्रधान विजय चौधरी, सीनियर मेंबर अनाज मंडी देवराज, धर्मचंद, विनित, बीरबल, सचिव मार्केट कमेटी रानियां, दीपक कुमार सहित जिले की सभी मार्केट कमेटी सचिव उपस्थित थे।