कालांवाली गांव भादड़ा निवासी एक ही परिवार के छह सदस्य राबड़ी पीने के चलते बेसुध हो गए। आसपास के लोगों को वीरवार सुबह पता चलने पर सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सभी को होश आ गया।
अस्पताल में उपचाराधीन गांव भादड़ा निवासी बनवारीलाल ने बताया कि बुधवार रात घर में राबड़ी बनाई गई थी, जिसे परिवार के सभी सदस्यों परमेश्वरी देवी पत्नी बनवारीलाल, मनजीत कौर पत्नी शैलेंद्र सिंह, भीम पुत्र शैलेंद्र, रोहित पुत्र शैलेंद्र व प्रवीण पुत्री हंसराज ने पी और उसके बाद सभी सो गए।
इसके बाद उन्हें कुछ भी होश नहीं रहा। सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने घर की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो सभी बेसुध पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने दरवाजा तोड़ा और सभी को लेकर पहले बड़ागुढ़ा अस्पताल गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा के नागरिक अस्पताल भर्ती करवाया। चिकित्सकों के उपचार के बाद चार सदस्यों को तो होश आ गया और काफी देर बाद रोहित व प्रवीण को भी होश आ गया।