कोरोना वैक्सीनेशन अभियान को तेजी से चलाने को लेकर अब पीएचसी और सीएचसी केंद्रों में भी वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बुजुर्गों को वैक्सीन लगवाने के प्रति जागरूक करने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर दूसरे दिन पीएचसी और सीएचसी पर वैक्सीन प्रक्रिया का वार्ड एमसी, गांवों के पूर्व सरपंच और पंच के हाथ से आरंभ करवाया जाएगा।
शुक्रवार को जिले के 37 केंद्रों पर 1600 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। तीसरे चरण में शामिल 1420 बुजुर्गों, दूसरे चरण में शामिल 34 कर्मचारियों और प्रथम चरण में शामिल 146 स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब सप्ताह में चार दिन ही पीएचसी और सीएचसी केंद्रों पर वैक्सीन लगाने का कार्य किया जाएगा। जिले के कुल 37 स्वास्थ्य केंद्रों और छह निजी अस्पतालों में वैक्सीन लगाई जा रही है। विभाग अब सोमवार, मंगलवार, वीरवार और शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन लगाएगा। बुजुर्ग खुद भी कोविन पोर्टल पर सेल्फ रजिस्ट्रेशन आप्शन से रजिस्ट्रेशन कर सकते है।
ई रिक्शा, गुरुद्वारों और मंदिरों से करवाई जा रही एनाउंसमेंट
कोरोना वैक्सीनेशन लगवाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने गांव सरपंचों की ड्यूटी लगा गांव में स्थित गुरुद्वारों और मंदिरों से अनांउसमेंट करने का निर्देश दिए है। ताकि अधिक से अधिक बुजुर्ग कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच सके।
बुजुर्गों को आधार कार्ड और एक अन्य आईडी लेकर पहुंचा होगा केंद्र में
कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए बुजुर्गों को आधार कार्ड और एक अन्य फोटो युक्त आईडी लेकर स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचना होगा। यहां बुजुर्गों का पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा इसके पश्चात उनको कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगेगी। ऐसे में अगर कोई की बुजुर्ग बिना आइडी के केंद्र में पहुंचता है तो रजिस्ट्रेशन न होने के कारण उन्हें वैक्सीन की डोज नहीं लग पाएगी।
गांवों में बुजुर्गों को किया जा रहा जागरूक
बुजुर्गों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगवाने को लेकर अब स्वास्थ्य केंद्रों पर गांव के सरपंच और पंच से हर दूसरे दिन प्रक्रिया का आरंभ करवाया जाएगा। ताकि वह भी बुजुर्ग को साथ लेकर केंद्र में पहुंचे। इसके लिए बुजुर्गों को जागरूक किया जा रहा है।
- डॉ. बालेेश बांसल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, नागरिक अस्पताल सिरसा