ओढां। लोगों की शिकायतों का समाधान करने के उद्देश्य से शुरू गई सीएम विंडो के हालांकि अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं लेकिन कुछ लोग सीएम विंडो पर ऐसी शिकायतें भी ले जाते हैं जिनका निपटारा पंचायत स्तर पर भी हो सकता है। इसका एक उदाहरण ओढां क्षेत्र के गांव घुकांवाली में देखने को मिला, जहां एक व्यक्ति द्वारा की गई शिकायत बारे जिस भी व्यक्ति को पता चला तो वो अपनी हंसी नहीं रोक पाया। उधर पुलिस ने भी मामला सीएम विंडो का होने के कारण आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे एसडीएम के समक्ष पेश कर दिया।
दरअसल वाक्या ये था कि घुंकावाली निवासी भोपा सिंह नामक व्यक्ति अपने घर के सामने एक कुत्ते को रोटी डाला करता था। गांव का ही मंगतू जब अपनी छोटी बेटी को लेकर गली से गुजरने लगा तो कुत्ते ने अचानक बच्ची को काट लिया। मंगतू ने घायल हुई अपनी बेटी का उपचार करवाया तथा दो दिन बाद उसने सीएम विंडो पर शिकायत लगाकर भोपा सिंह के खिलाफ कार्रवाई हेतु लिख भेजा। उधर पुलिस ने मामला सीएम विंडो का होने के कारण आरोपी भोपा सिंह को थाने में बुलाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई कर उसे एसडीएम के समक्ष पेश कर दिया। हैड कांस्टेबल लाभ सिंह ने बताया कि मामला तो कुछ भी नहीं था लेकिन सीएम विंडो की शिकायत पर पुलिस ने अपनी कार्यवाही कर दी है।