सिरसा। शहर मंडी में इस सप्ताह धान की कटाई जोरों पर है। ऐसे में कपास मंडी, एडिशनल मंडी सहित पुरानी नई सभी मंडियां धान की ढेरियों व बोरियों से पूरी तरह से अट चुकी हैं। मार्केट कमेटी के अधिकारियों सहित आढ़ती एसोसिएशन के सदस्य व्यवस्था बनाने में लगे हुए हैं। मंडी में अभी तक 50 फीसदी धान की ही उठान हो पाई है।
उठान न होने से आढ़तियों व किसानों को परेशानियों का सामना करन पड़ रहा है। जिले की 28 मंडियों में अब तक 52,585 किसानों के टाेकन कटे हैं और 32,70,318 क्विंटल धान की आवक हो चुकी हैं। ऐसे में सिरसा मंडी में अब तक 4,369 किसानों के टोकन कटे हैं और 3,11,355 क्विंटल धान की आवक हुई है।
धान की आवक तेज होने से धान से मंडियां अटने लगी हैं। मंडी के शेडों से लेकर आवागमन करने वाले सड़कों पर भी धान की ढेरियां व बोरियां पड़ी हैं। हालांकि निजी व्यापारियों व हैफेड की ओर से उठान किया जा रहा है। लेकिन प्रक्रिया धीमी ओर मंडी में अव्यवस्था की मार के चलते उठान करने में अत्यधिक समय लग रहा है।
वहीं, कई निजी व्यापारियों की ओर से ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की ओर से उठान किए जाने से भी मंडी में समस्या फैल रही है। इससे मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, हैफेड के जिला मैनेजर मांगेराम का कहना है कि जिले में एजेंसी की ओर से अब तक 71 फीसदी उठान हो चुकी है। आने वाले दो दिनों में लगभग उठान करवा दिया जाएगा। उठान कार्य के लिए तेजी से काम चल रहा है।
जनता भवन रोड पर बोरियों से भरा ट्रक धंसा
मंडी में अव्यवस्थाओं की मार व मंडी में समय पर उठान न होने सहित जनता भवन रोड की खोदाई के चलते भारी परेशानियों का सामना किसानों सहित आढ़तियों को करना पड़ रहा है। शुक्रवार देर शाम जनता भवन रोड पर बोरियों से भरा ट्रक धंसने से मंडी में आवाजाही के लिए गेट नंबर 02 बंद हो गया। वहीं, इसका विरोध करते हुए आढ़ती एसोसिएशन के सदस्यों ने उसी गेट पर धरना प्रर्दशन शुरू कर दिया। आढ़तियों का कहना है कि मंडी में आवक शुरू हाेने से दो महीने पहले से ही नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित उपायुक्त को इस बारे में अवगत करवाया था लेकिन उसके बाद भी समाधान नहीं हो पाया है। आज धान के पीक सीजन के चलते किसानों सहित आढ़तियों व उठान एजेंसियों को परेशान होना पड़ रहा है। इसके विरोध में आढ़तियों ने मंडी के गेट दो पर धरना लाग दिया। वहीं, इसी सूचना मिलने पर मार्केट कमेटी सचिव भी पहुंचे। मामले को देख उन्होंने आढ़तियों से कहा कि यह मामला नगर परिषद का है इसका समाधान वही कर पाएंगे।