आढ़ती एसोसिएशन व कच्चा आढ़ती एसोसिएशन कालांवाली की रविवार को बैठक हुई। जिसमें कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र जैन व आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विनोद मितल सहित एसोसिएशन के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में धान की खरीद को लेकर खरीद एजेंसी डीएफएससी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
आढ़ती सुरेंद्र नेहरू ने बताया कि खरीद एजेंसी डीएफएससी द्वारा मंडी की करीब 29 फर्मों की गेहूं में कटौती के नाम पर लाखों रुपये राशि रोक रखी है जो कि सरासर गलत है। उन्होंने बताया कि एजेंसी से राशि दिलवाने को लेकर आढ़तियों ने अगस्त माह में सीएम रैली के दौरान उनसे मिलने का कार्यक्रम बनाया था, जिस पर एजेंसी के उच्चाधिकारियों ने उनको आश्वासन देते हुए कहा था आप इस मामले में सीएम से शिकायत न करो रैली के बाद आढ़तियों की राशि दिलवा देेंगे, लेकिन सीएम की रैली के बाद अधिकारियों ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की। जिसके चलते रविवार को आढ़तियों ने एजेंसी का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। बैठक में सभी ने सहमति जताई है कि डीएफएससी को कोई भी आढ़ती धान नहीं बेचेगा। इस मौके पर जगसीर सिंह, गुरजीत शर्मा, सुरेंद्र नेहरू, सुनील कुमार, सुरेंद्र सिंह, अजय कुमार, प्रेम कुमार, सुखदर्शन कुमार सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।