शिक्षित पंचायतें सामाजिक बुराइयों के लिए खिलाफ अहम प्रस्ताव पारित कर रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को गांव मुन्नांवाली की पंचायत ने सरकारी स्कूल में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगा दिया। पंचायत गांधी जयंती के मौके पर दो अक्तूबर से गांव में अभियान छेड़ेगी।
प्रारंभिक स्तर में पंचायत गांव में स्वच्छता अभियान चलाकर गलियों या अन्य जगहों से पॉलीथिन को हटाएगी। इसके बाद दुकानदारों तथा ग्रामीणों को पॉलीथिन प्रयोग न करने के लिए प्रेरित करेगी। अगर दुकानदार न माने तो उस पर जुर्माना करेगी। जुर्माना राशि पंचायत में तय होगी। पंचायत ने यह भी प्रस्ताव पारित किया कि अगर कोई कन्या भ्रूण हत्या करता है या इस धंधे में संलिप्त मिला तो पंचायत उसका पूर्णत: सामाजिक बहिष्कार करेगी। बेटी के जन्म पर कुआं पूजन करने वाले परिवार को सम्मान स्वरूप 1100 रुपये की राशि दी जाएगी।
बैठक में गांव में बढ़ते नशे पर चिंता जाहिर की गई। प्रस्ताव पारित हुआ कि गांव में किसी प्रकार का नशा बिकने नहीं दिया जाएगा। पंचायत अपने स्तर पर ऐसे लोगों को समझाएगी। उन्हें सुधरने का मौका दिया जाएगा। पंचायत के कहने पर भी नशा बिकने से नहीं रूका तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी। दोष साबित होने पर संबंधित परिवार का सामाजिक बहिष्कार होगा, ताकि गांव में पुन: कोई नशा बेचने की जुर्रत न कर सकें।