जिले में जल्द ही मेडिकल कॉलेज खुलेगा। यह घोषणा सोमवार को सेहत मंत्री अनिल विज ने डेरा के प्रमुख राम रहीम से मुलाकात के बाद कहा। उन्होंने कहा कि डेरा प्रमुख ने इसकी इजाजत दे दी है। शाम को डेरा प्रमुख से 20 बीस मिनट की मुलाकात के बाद विज ने बताया कि उन्हें डेरा प्रमुख से सिरसा में मेडिकल कॉलेज अनुमति मिल गई है। अब तो सिरसा में ही मेडिकल कालेज खुलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज सोमवार की दोपहर बाद पूरी टीम के साथ डेरा सच्चा सौदा पहुंचे और डेरा के अस्पताल का अवलोकन किया। इस मौके पर डेरा की ओर से प्रबंध कमेटी की चेयर पर्सन विपाशना इंसां, डेरा के प्रवक्ता डॉ. आदित्य इंसां आदि थे। विज ने कई घंटे तक डेरा में भ्रमण कर हर संस्थान, खेल परिसर देखा। शाम करीब सवा छह बजे उन्हें डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां से मिलने का समय मिला। वे केके खंडेलवाल के साथ डेरा प्रमुख के आवास तेरावास में पहुंचे। जहां पर उन्होंने डेरा प्रमुख से आशीर्वाद लिया और करीब 20 मिनट तक मेडिकल कॉलेज समेत कई मुद्दों पर बातचीत की।
तेरावास से बाहर निकलने पर डेरा प्रमुख से हुई मुलाकात के बारे में उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि उनसे मिलने का अनुभव अच्छा रहा। डेरा भी सेवा का काम कर रहा है और हम भी सेवा ही करना चाहते हैं और हम भी उसी तरह से काम करने आए हैं। हर जिले में मेडिकल कालेज खोले जाने है कुछ में है और कुछ में सरकारी खर्च पर। सिरसा में भी सरकारी खर्च पर मेडिकल खोलने पर विचार कर रहे थे, गुरु जी (डेरा प्रमुख) ने इसकी अनुमति दे दी है अब तो समझो सिरसा में मेडिकल कालेज खुल गया। उन्होंने डेरा के अस्पताल को विश्व स्तरीय बताते हुए दस में से दस अंक दिए।