जिले में विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों की सुविधा के लिए रोडवेज के सिरसा डिपो में 17 बसें और शामिल कर दी गई है। सभी बसें किलोमीटर स्कीम के तहत जिले में चलाई जाएगी। जिले में बसों तथा चालकों की कमी के कारण सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नई बसें आने के कारण सवारियों को बसों की कमी और परेशानी से निजात मिलेगी। किलोमीटर स्कीम के तहत आने वाली सभी बसें लंबे रूट पर लगाई जाएगी। बस अड्डे में प्रतिदिन गांवों की पहुंच रहीं पंचायतों और ग्रामीण इलाकों में बसों की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। जिले में अभी तक 22 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत पहुंच चुकी है। यह केवल दस साल तक सिरसा डिपो में रहेंगी।
सिरसा रोडवेज डिपो में किलोमीटर स्कीम के तहत अभी तक 22 बसें आ चुकी है। जिसमें पांच बसें पहले सिरसा में पहुंची थी, जिसके बाद बुधवार को 17 और बस सिरसा डिपो पहुंच गई हैं। डिपो में आई सभी बसों को लंबे रूट पर लगाया जाएगा। आने वाली बसों को सिरसा से दिल्ली तथा सिरसा से चंडीगढ़ के रूट पर भेजा जाएगा। जो बसें अभी इन रूटों पर चल रही है उन बसों को ग्रामीण इलाकों में भेजा जाएगा। किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली सभी बसों में चालक ठेकेदार के होंगे तथा परिचालक रोडवेज विभाग के दिए जाएंगे।
ये गांव कर चुके हैं बस सेवा शुरू करने की मांग
जिले के चौबुर्जा, अलीकां, डिंग, शहीदांवाली, डिंग, संगरिया, जमाल, ऐलनाबाद तथा चोपटा रूट पर आने वाले सभी गांवों के सरपंचों ने रोडवेज महाप्रबंधक से मिलकर बसों की मांग की थी। लेकिन डिपो में कर्मचारियों तथा बसों की कमी होने के कारण इन रूटों पर कोई बसें नहीं भेजी गई। नई बस आने के कारण इन गांवों को अब एक आस है कि जो लंबे रूट से ग्रामीण इलाकों में बसें भेजी जाएगी, वह बसें इन गांवों में भी पहुंचे। जिस कारण सुबह आने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बीते सोमवार झोरड़रोही के सरपंच तथा ग्रामीणों ने बसें न आने के कारण डिपो महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा था। जिसमें लड़कियों ने आवाज उठाई थी कि सुबह कॉलेज आने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं कॉलेज पहुंचने के लिए उन्हें बसों में लटक कर सफर करना पड़ रहा है। वहीं अक्टूबर 2019 में चौबुर्जा तथा शहीदांवाली गांव के सरपंचों ने भी बस न होने की शिकायत दी थी। किलोमीटर स्कीम की बसें आने के कारण इन गांवों के पंचायत तथा लोगों को एक उम्मीद है कि बसें बढ़ने के कारण उनके रूट पर भी बसें लगाई जाएगी।
नहीं हुआ रूट निर्धारित, अनुबंध 10 साल
किलोमीटर स्कीम के तहत जिले में नई आई 17 बसों का अभी तक कोई रूट निर्धारित नहीं हुआ है। महाप्रबंधक के अनुसार सभी नई बसें लंबे रूट पर लगाई जाएगी। वहीं किलोमीटर स्कीम तहत चली बसों का अनुबंध केवल 10 साल तक किया गया है।
पांच गुलाबी बसें भी बेडे़ में होंगी शामिल
जिले में लोकल सर्विस के लिए पांच गुलाबी बसें भी डिपो में शामिल की जाएगी। जिले में पांच गुलाबी बसें इसी माह डिपो में भेजी जाएगी। वहीं मार्च माह से इन बसों का रूट भी निर्धारित किया जाएगा। विभाग ने अभी तक न ही गुलाबी बसों का रूट निर्धारित किया है और न ही किराया। बस आने के बाद ही विभाग जहां बसों की कमी है वहां उन बसों को लगाएगा।
ठेकेदार को पहुंचाया जा रहा लाभ : रामकुमार
किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली सभी बसें ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए लंबे रूट पर चलाई जा रही है। तालमेल कमेटी के प्रधान रामकुमार चुरनियां ने बताया कि आज सुबह ये जो बसें चलाई जा रही है इनका विरोध किया जाएगा। वहीं इसको लेकर डिपो में नारेबाजी की जाएगी।
जिले में 17 नई बसें दस साल के अनुबंध के साथ डिपो में आई है। सभी बसें लंबे रूट पर लगाई जाएंगी। अभी तक इन बसों के रूट निर्धारित नहीं किए गए हैं। बसें आने के कारण ग्रामीण इलाकों को सुविधा मिलेगी।
-केआर कौशल, महाप्रबंधक सिरसा डिपो