25 अगस्त को देश भर से सिख अंबाला में होंगे एकत्रित
फोटो 63
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अंबाला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही सिख संगत पर पुलिस की ओर से लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे जाने के विरोध में सिख समाज में रोष बढ़ता जा रहा है। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नेताओं ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
गुरुद्वारा श्री दसवीं पातशाही में रविवार को कमेटी के प्रमुख प्रतिनिधि प्रकाश सिंह साहुवाला, बिंदर सिंह खालसा, कर्मजीत सिंह फतेहाबाद, काका सिंह लादुवास, अमृतपाल सिंह ओढ़ा, कुलदीप सिंह जोगेवाला, लखविंद्र सिंह औलख और गुरमेज सिंह ने बैठक की।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सिख नेताओं ने अंबाला पुलिस की ओर से दिए गए उस बयान को खारिज किया जिसमें आरोप लगाया गया था कि गुरमेज सिंह ने अपनी गाड़ी पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया।
नेताओं ने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित था तथा पुलिस ने खुद आगे बढ़कर संगत की गाड़ी पर कार्रवाई की और वाहनों के शीशे तोड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन अपनी कार्रवाई को सही ठहराने के लिए भ्रामक बयान दे रहा है।
नेताओं के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बिना किसी उकसावे के बल प्रयोग शुरू किया। उन्होंने दावा किया कि सबसे पहले प्रकाश सिंह साहुवाला पर लाठी बरसाई गई जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। नेताओं ने कहा कि इस कार्रवाई को सिख समाज किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा।
25 अगस्त को अंबाला में जुटेंगे सिख प्रतिनिधि
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आंदोलन की अगली रणनीति तय करने के लिए 25 अगस्त को अंबाला स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब में बैठक बुलाई है। इसमें देशभर की सिख जत्थेबंदियों, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न सिख संप्रदायों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। नेताओं ने कहा कि बैठक में पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आगे की रणनीति और राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं तीव्र किया जाएगा।