संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट रानियां रोड की ओर से खाटू श्याम धाम के 17वें स्थापना दिवस महोत्सव के उपलक्ष्य में वीरवार को नई अनाज से श्याम बाबा की नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने रत्न जडि़त रथ खींचकर बाबा को नगर भ्रमण करवाया। नेक स्थानों पर शोभायात्रा का श्रद्धालुओं ने स्वागत कर बाबा के दर्शन किए।
मंदिर के पुजारी रामशरण गौतम, उमेश गर्ग व विजेंद्र ने ट्रस्ट के मुख्य सदस्य सुनील गुप्ता व संजीव गुप्ता के साथ मिलकर श्री श्याम बाबा के भव्य रथ की पूजा करवाई। बाबा का कोलकाता से मंगवाए गए फूलों व ड्राईफ्रूट से भव्य शृंगार किया गया। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट के सदस्यों सहित श्याम श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार की स्थापना करते हुए विधिवत पूजा की और श्याम के जयकारे लगाते हुए यात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों जनता भवन रोड, जगदेव सिंह चौक, सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, भादरा बाजार, काठमंडी रोड होते हुए नोहरिया बाजार, घंटाघर चौक, रानियां बाजार, रानियां गेट से होते हुए वापस रानियां रोड स्थित श्री खाटू श्याम धाम पहुंची। इस मौके पर ट्रस्ट के प्रधान श्याम सुंदर गुप्ता, भारत भूषण गुप्ता, सुनील गुप्ता, संजीव रातुसरिया, सुमित नुहियांवाली, रामकिशन तंवर, राकेश वत्स, राजकुमार बागला, सरदार मनदीप सिंह व अन्य मौजूद रहे।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
फूल बरसाकर किया शोभायात्रा का स्वागत
751 मुख्य निशान ध्वजा और बाबा के दरबार के समक्ष रंग-बिरंगी गगनचुंबी ध्वजा को लहराते हुए चल रहे श्याम श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शहनाई वादन पर श्याम की मस्ती में श्रद्धालु झूमते नजर आए। श्याम श्रद्धालुओं ने नाचते गाते हुए बाबा का गुणगान किया। बाबा के दरबार से सजा रत्न जडि़त चांदी के रथ को श्रद्धालुओं ने अपने हाथ से खींचकर श्याम प्रभु को नगर भ्रमण करवाया। नगर भ्रमण के दौरान बाबा के रथ पर आसमान से फूलों की वर्षा की गई। शोभायात्रा के दौरान दर्शनों के लिए भक्तों का रोड के दोनों ओर तांता लगा रहा।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
कलाकारों ने निकालीं झांकियां
शोभा यात्रा का जगह-जगह स्वागत कर भक्तों के लिए प्रसाद वितरित किया गया। रथ यात्रा के दौरान बाबा का अलौकिक शृंगार, 56 भोग का प्रसाद, आतिशबाजी, भक्तों का नृत्य, राधाकृष्ण की झांकी, शीश का दान देते बाबा श्याम की झांकी, बालाजी महाराज, माता की झांकी व गणेश जी की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा शोभायात्रा में बैंड बाजे, डांडिया गरबा, शहनाई वादक और महाराष्ट्र से पधारे बैंड ने भी अपनी छटा बिखेरी। शोभायात्रा में भक्तों के संग कोलकाता से पधारे शिवम पंसारी ने श्याम बाबा का गुणगान कर भक्तों को रिझाया। श्री खाटू श्याम धाम में पहुंचने पर आरती के बाद श्रद्धालुओं को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।
शहर भर में निकाली जा रही शोभायात्रा के रथ खींचते हुए श्रद्धालु। संवाद।